पत्रकार आलोक पराड़कर की पत्नी सकुशल एक दिन बाद मिलीं, मानसिक हालत खराब
हिंदी पत्रकारिता के भीष्म पितामह माने जाने वाले विष्णु पराड़कर के पौत्र आलोक पराड़कर ने फेसबुक पर भी पत्नी के लापता होने की बात लिखी थी। पत्नी के मिलने के बाद आलोक ने सभी का शुक्रिया अदा किया है।

News Desk : वरिष्ठ पत्रकार और लेखक आलोक पराड़कर की पत्नी रीना पराड़कर शनिवार को मिल गई। खुद आलोक पराड़कर ने फेसबूक पर पोस्ट लिखकर इसकी जानकारी दी है।
वरिष्ठ पत्रकार व बहुचर्चित लेखक आलोक पराड़कर की पत्नी रीना पराड़कर शुक्रवार दोपहर से लापता हो गईं थी। वह अपनी बेटी को अलीगंज स्थित कोचिंग संस्थान में छोड़कर कार से विपुलखंड स्थित घर लौट रहीं थीं। रास्ते में उन्होंने पति को फोन मिलाया, उन्हें फोन पर पत्नी की हल्की चीख सुनाई पड़ी और फोन कट गया। दोबारा कॉल करने पर फोन स्विचऑफ आने लगा।
आलोक ने आनन-फानन में घटना की सूचना अपने कुछ साथियों को दी। फिर गोमतीनगर थाने पर फोन किया। उन्होंने एक वरिष्ठ अधिकारी को फोन कर मामले में मदद मांगी। इसके बाद पुलिस आयुक्त ने क्राइम ब्रांच को मामले की जांच सौंपी। क्राइम ब्रांच ने रीना के आने-जाने वाले रूट पर लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले हैं। कार में सवार रीना लेखराज चौराहे के पास अंतिम बार नजर आई। लेकिन उसके बाद भी उनका पता नहीं चल पाया।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार गोमतीनगर थाना पुलिस ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी और उन्हें ढूंढने के लिए विशेष टीमें गठित की गई जिसके बाद रीना पराड़कर मिली। हालांकि उनकी मानसिक हालत ठीक नहीं लग रही है।
विष्णु पराड़कर की पौत्रवधु हैं लापता रीना
हिंदी पत्रकारिता के भीष्म पितामह माने जाने वाले विष्णु पराड़कर के पौत्र आलोक पराड़कर ने फेसबुक पर भी पत्नी के लापता होने की बात लिखी। जिस पर काफी संख्या में लोगों ने चिंता व्यक्त करते हुए रीना के सकुशल होने की प्राथना की थी। लोगों ने पुलिस प्रशासन से भी इस मामले में त्वरित कार्रवाई करने की गुहार लगाई थी।


