होली पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण तरीके से सम्पन्न कराने के लिए ग़हमर पुलिस का फ्लैग मार्च

 

 

 

 

 

सेवराई। गहमर कोतवाली पुलिस ने आगामी होली पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए कमर कस ली है। इसी क्रम में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने रविवार देर शाम थाना क्षेत्र के विभिन्न बाजारों, प्रमुख मार्गों, चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर फ्लैग मार्च और पैदल गश्त किया। इस दौरान पुलिस बल की मौजूदगी से आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई और कानून-व्यवस्था बनाए रखने का संदेश दिया गया।

गश्त के दौरान पुलिस टीम ने दुकानदारों, राहगीरों और स्थानीय नागरिकों से बातचीत की। उन्होंने सभी से होली पर्व को आपसी भाईचारे, प्रेम और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की। साथ ही, लोगों को किसी भी प्रकार की अफवाहों से दूर रहने और संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने के लिए जागरूक किया गया। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि होली पर्व के लिए थाना क्षेत्र में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। पुलिस लगातार फ्लैग मार्च, वाहन चेकिंग और रात्रि गश्त कर रही है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान शांति व्यवस्था भंग करने वाले अराजक तत्वों पर पुलिस की कड़ी नजर रहेगी।

सिंह ने चेतावनी दी कि होली के नाम पर हुड़दंग करने, शराब पीकर उत्पात मचाने, तेज रफ्तार वाहन चलाने, स्टंट करने, जबरन रंग लगाने, डीजे या तेज आवाज में अशोभनीय गीत बजाकर माहौल खराब करने, या किसी भी प्रकार से कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। ऐसे लोगों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।
कोतवाली प्रभारी ने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे होली का पर्व परंपरागत तरीके से शांतिपूर्ण माहौल में मनाएं और पुलिस प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने जोर दिया कि सभी की सहभागिता से ही त्योहार को सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण बनाया जा सकता है। पुलिस पूरे त्योहार के दौरान क्षेत्र में सतर्कता बनाए रखेगी।

Don't try, this is illigal.