सेवराई में मिठाई दुकानों पर छापा : गंदगी और मिलावट के चलते सैकड़ों किलो सामान नष्ट

 

सेवराई (गाजीपुर),
उपजिलाधिकारी सेवराई के निर्देश पर नायब तहसीलदार के नेतृत्व में गठित खाद्य सुरक्षा अभियान दल ने गुरुवार को तहसील मुख्यालय स्थित मिठाई एवं केक बनाने वाली दुकानों पर अचानक छापेमारी की। निरीक्षण में कई प्रतिष्ठानों में भारी अनियमितताएँ मिलने से खाद्य सुरक्षा मानकों की धज्जियाँ उड़ती पाई गईं।
सबसे पहले दल ने मुख्य बाजार स्थित साईं स्वीट्स का निरीक्षण किया। यहाँ मिठाई बनाने के कारखाने में चारों तरफ गंदगी और अस्वच्छ वातावरण मिला। मिठाई बनाने में इस्तेमाल हो रहा शीरा और अन्य सामग्री खुले में पड़ी थी। टीम ने मौके पर ही लगभग 200 किलो चीनी शीरा और 10 किलो गुलाब जामुन नष्ट कराया। साथ ही दुकान में रखी एक्सपायरी डेट वाली कोल्ड ड्रिंक को या तो मौके पर नष्ट करने या कंपनी को वापस कर रसीद देने का कड़ा निर्देश दिया गया। श्रमिकों की मेडिकल जांच रिपोर्ट न होने पर उसे तुरंत प्रस्तुत करने को कहा गया।
इसके बाद अभियान दल ने बाबा केक कार्नर पर छापा मारा। यहाँ भी उत्पादन क्षेत्र में भारी गंदगी पाई गई। जांच में 30 लीटर चीनी शीरा और पनीर बनाने में इस्तेमाल हो रहा 45 लीटर अस्वच्छ पानी मिला, जिसे स्वास्थ्य के लिए हानिकारक मानते हुए मौके पर ही नष्ट करा दिया गया।
दोनों प्रतिष्ठानों को खाद्य सुरक्षा अधिकारी द्वारा नोटिस थमाते हुए निर्धारित समय के अंदर स्पष्टीकरण देने को कहा गया है। स्पष्टीकरण संतोषजनक न होने या समय पर जवाब न देने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
छापेमारी के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज कन्नौजिया, अरबिंद प्रजापति, अरविंद प्रजापति, वीरेंद्र यादव सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
उपजिलाधिकारी ने बताया कि त्योहारी सीजन में लोगों की सेहत से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आगे भी ऐसे अभियान लगातार चलते रहेंगे।

Don't try, this is illigal.