मरीजों की सहूलियत पर जोर, डॉक्टरों की कमी होगी दूर – AIIMS गोरखपुर ED

गोरखपुर | अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) गोरखपुर की नई कार्यकारी निदेशक (ED) रिटायर्ड मेजर जनरल डॉ. विभा दत्ता ने शनिवार को कार्यभार संभालने के बाद मीडिया से बातचीत की। उन्होंने कहा कि मरीजों को बेहतर सुविधाएं देना उनकी प्राथमिकता होगी। साथ ही, डॉक्टरों की कमी दूर करने और सुपर स्पेशियलिटी सेवाओं को और बेहतर बनाने के प्रयास किए जाएंगे।

AIIMS के प्रशासनिक भवन में पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि संस्थान की व्यवस्थाओं की समीक्षा की जा रही है ताकि मरीजों को किसी तरह की परेशानी न हो। 200 बेड के अत्याधुनिक ट्रॉमा सेंटर और रैन बसेरा निर्माण के सवाल पर उन्होंने कहा कि इसकी जानकारी लेने के बाद आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

इमरजेंसी सेवा होगी दुरुस्त, विशेषज्ञ डॉक्टरों की होगी तैनाती:

डॉ. विभा दत्ता ने कहा कि इमरजेंसी सेवाओं को और अधिक सुव्यवस्थित किया जाएगा, ताकि मरीजों को तुरंत और बेहतर इलाज मिल सके। न्यूरो, गैस्ट्रो सर्जरी और हृदय रोग समेत अन्य विभागों में विशेषज्ञ डॉक्टरों की तैनाती की जाएगी।

आंतरिक व्यवस्थाओं में होगा सुधार, बढ़ेगा लोगों का विश्वास:

AIIMS की नई ED ने कहा कि संस्थान की आंतरिक व्यवस्थाओं को सुधारने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उनकी प्राथमिकता होगी कि लोगों का AIIMS पर भरोसा बढ़े और यहां बेहतर इलाज की पहचान बने।

गुटबाजी पर किया सवाल, माहौल सुधारने की कही बात:

संस्थान में गुटबाजी की चर्चाओं पर उन्होंने कहा कि AIIMS अन्य चिकित्सा संस्थानों से अलग है, इसलिए यहां का माहौल भी अलग और सकारात्मक रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि पहले वह पूरे परिसर का दौरा कर स्थिति की जानकारी लेंगी, फिर इस पर निर्णय लिया जाएगा। फिलहाल, उनकी प्राथमिकता रिक्त पदों को भरना और संस्थान के रुटीन कामकाज को सुचारू रूप से संचालित करना है।

Hema Sharma

हेमा शर्मा (Hema Sharma Journalist) दीनदयाल उपाध्याय विश्वविद्यालय गोरखपुर से पत्रकारिता की पढाई कर रही हैं। इनकी राजनीति, क्राइम, खेल, ऐतिहासिक रिसर्च में रूचि है।

Don't try, this is illigal.