भदौरा रेलवे स्टेशन पर गिट्टी-बालू का अम्बार, यात्री फिसलकर हो रहे घायल, प्लेटफार्म नंबर-3 पहुंचना बना मुसीबत, रोजाना हो रही दुर्घटनाएं
सेवराई (गाजीपुर)। पंडित दीनदयाल उपाध्याय-दानापुर रेलखंड के भदौरा रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधा की अनदेखी अब आम बात हो गई है। प्लेटफार्म नंबर-3 तक जाने वाले मुख्य मार्ग पर निर्माण कार्य के दौरान डाली गई गिट्टी और बालू अब यात्रियों के लिए बड़ा खतरा बन गई है। फिसलन के कारण कई यात्री गिरकर घायल हो चुके हैं, फिर भी समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है।
भदौरा स्टेशन तहसील मुख्यालय का प्रमुख रेलवे स्टेशन है, जहां आसपास के दर्जनों गांवों से प्रतिदिन सैकड़ों यात्री आते-जाते हैं। प्लेटफार्म नंबर-3 तक पहुंचने के लिए यात्री इसी मार्ग का इस्तेमाल करते हैं। निर्माणाधीन फुट ओवरब्रिज (FOB) और प्लेटफार्म नंबर-2 के कार्य के दौरान रेलवे ने मार्ग पर गिट्टी-बालू डाल दी थी, जो कार्य पूरा होने के बाद भी नहीं हटाई गई।
ग्रामीणों और यात्रियों ने बताया कि बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे इस मार्ग पर चलने में सबसे ज्यादा परेशानी का सामना कर रहे हैं। जल्दबाजी में ट्रेन पकड़ने जाते समय कई लोग फिसलकर गिर चुके हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, समस्या को लेकर रेलवे अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को कई बार सूचित किया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। इससे स्थानीय स्तर पर रेलवे प्रशासन के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है।
स्टेशन मास्टर का आश्वासन
इस संबंध में भदौरा स्टेशन मास्टर ने बताया कि समस्या की जानकारी संबंधित विभागीय अधिकारियों को दे दी गई है। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही मार्ग से गिट्टी-बालू हटवाकर यात्रियों के आवागमन को सुगम बनाया जाएगा।
स्थानीय लोगों ने रेलवे प्रशासन से मांग की है कि यात्री सुविधा को प्राथमिकता देते हुए तुरंत मार्ग को साफ कराया जाए और भविष्य में ऐसी लापरवाही न दोहराई जाए।




