भदौरा में पीएम किसान सम्मान निधि का सजीव प्रसारण, किसानों के खातों में पहुंची मदद
सेवराई (गाजीपुर)। तहसील अंतर्गत भदौरा ब्लॉक में क्षेत्र पंचायत प्रमुख कक्ष में शनिवार शाम प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत किसानों के खातों में भेजी गई राशि के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया।कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसान, जनप्रतिनिधि और कृषि विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। लाइव प्रसारण के दौरान किसानों ने प्रधानमंत्री का संबोधन सुना और योजना के तहत जारी सम्मान निधि की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।खंड विकास अधिकारी भदौरा के.के. सिंह एवं क्षेत्र पंचायत प्रमुख प्रतिनिधि औरंगजेब खान ने किसानों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की उपयोगिता बताई। उन्होंने सरकार द्वारा किसानों के हित में चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी।एडीओ (कृषि) वेद प्रकाश सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार की यह योजना छोटे एवं सीमांत किसानों के लिए वरदान साबित हो रही है। समय-समय पर मिलने वाली आर्थिक सहायता से किसानों को खेती-किसानी में सुविधा मिल रही है तथा बीज, खाद और कृषि उपकरण खरीदने में आर्थिक मजबूती आ रही है।उन्होंने खरीफ सीजन की तैयारियों पर भी जोर देते हुए किसानों को धान, मक्का एवं अन्य फसलों की बेहतर पैदावार के लिए उन्नत बीजों का चयन, संतुलित उर्वरक प्रयोग, कीट-रोग नियंत्रण, जल संरक्षण और आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने की सलाह दी। कृषि विभाग की अन्य योजनाओं का लाभ लेने के लिए किसानों को जागरूक भी किया गया।इस अवसर पर वीरेंद्र सिंह, रविंद्र सिंह, सच्चिदानंद पांडेय, श्याम सुंदर सिंह, दीपक सिंह, संतोष राय, अरविंद सिंह, महात्तीम कुशवाहा सहित क्षेत्र के अनेक किसान और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।कार्यक्रम का समापन किसानों के हित में संचालित योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार और कृषि विकास के संकल्प के साथ हुआ।





