Latest News

बहुचर्चित गगरन निवासी गुलशन गुप्ता आत्महत्या कांड में वांछित आरोपी को पुलिस ने दबोचा

 

अजित कुमार सिंह 

नगसर । स्थानीय थाना पुलिस ने बहुचर्चित गगरन निवासी 22 वर्षीय गुलशन गुप्ता आत्महत्या प्रकरण में बड़ी कार्रवाई करते हुए वांछित आरोपी 36 वर्षीय मनोज कुमार पासवान को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को उसके गांव के गेट के समीप घेराबंदी कर उस समय दबोचा, जब वह फरार होने की फिराक में सड़क किनारे खड़ा था।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरोपी को थाने ले आई, जहां आवश्यक कानूनी प्रक्रिया और मेडिकल परीक्षण के उपरांत उसका चालान कर न्यायालय में पेश किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए न्यायालय ने आरोपी को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में जिला कारागार भेजने का आदेश दिया।
तीन अन्य आरोपी अब भी फरार, पुलिस की ताबड़तोड़ दबिश जारी
इस मामले में पुलिस की कार्रवाई अभी जारी है। नामजद बस तीन अन्य आरोपी अब भी फरार बताए जा रहे हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शेष आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
क्या है पूरा मामला?
गौरतलब है कि बीते 10 मार्च को गुलशन गुप्ता का शव असांव गांव स्थित उसके एक मित्र के घर में फंदे से लटका हुआ मिला था। घटना के बाद मृतक के छोटे भाई संजीव ने एक महिला समेत चार लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज कराया था।
परिजनों का आरोप है कि आरोपियों द्वारा गुलशन को झूठे छेड़छाड़ और दुष्कर्म जैसे गंभीर मुकदमे में फंसाने की धमकी दी जा रही थी, साथ ही पांच लाख रुपये की मांग की जा रही थी। लगातार दबाव और मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर ही गुलशन ने यह आत्मघाती कदम उठाया।
पुलिस का बयान
थानाध्यक्ष ओमप्रकाश ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी में उपनिरीक्षक निरंकार प्रसाद एवं उनकी टीम की अहम भूमिका रही। उन्होंने पुष्टि की कि आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश तेजी से जारी है।

Don't try, this is illigal.