दो परिषदीय विद्यालयों को चोरों ने बनाया निशाना,मध्याह्न भोजन के करीब तीन कुंतल राशन पर फेरा हाथ
अजित कुमार सिंह
नगसर । थाना क्षेत्र में चोरों ने सोमवार देर रात दो परिषदीय विद्यालयों को निशाना बनाया। सरहुला स्थित कम्पोजिट विद्यालय से बच्चों के मध्याह्न भोजन (एमडीएम) के लिए रखा लगभग तीन कुंतल खाद्यान्न चोरी हो गया, जिसकी अनुमानित कीमत 10 हजार रुपये बताई जा रही है।घटना का पता मंगलवार सुबह तब चला जब विद्यालय के शिक्षक स्कूल पहुंचे। रसोईघर का ताला टूटा मिला और एमडीएम का खाद्यान्न गायब था। चोरी की सूचना मिलते ही प्रधानाध्यापक कविंद्र कुमार ने तत्काल डायल-112 पुलिस को सूचित किया।सूचना मिलने पर पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, विद्यालय से लगभग 200 किलोग्राम गेहूं और 100 किलोग्राम चावल चोरी हुआ है, जिसका उपयोग बच्चों के मध्याह्न भोजन के लिए किया जाना था।इसी दौरान, उजराडीह कम्पोजिट विद्यालय का भी ताला तोड़ा गया। हालांकि, उजराडीह कम्पोजिट विद्यालय के प्रधानाध्यापक विनोद सिंह ने बताया कि चोर वहां से कोई सामान नहीं ले जा सके।खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) अशोक कुमार गौतम ने बताया कि सरहुला कम्पोजिट विद्यालय से एमडीएम का खाद्यान्न चोरी होने की सूचना मिली है। विभाग अपने स्तर पर पूरे प्रकरण की जांच कर रहा है।
थानाध्यक्ष धीरेन्द्र सोनकर ने जानकारी दी कि उजराडीह विद्यालय में चोरी का प्रयास किया गया, जबकि सरहुला विद्यालय के किचन का ताला तोड़कर एमडीएम का राशन चोरी कर लिया गया। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और जल्द ही घटना का खुलासा करने का दावा किया है।

