ढाई फिट ज़मीन के विवाद में अधेड़ की हत्या,तीन आरोपी हिरासत में
सेवराई। गहमर कोतवाली क्षेत्र के मनिया गांव में ढाई फीट जमीन के लिए एक अधेड़ की हत्या करने का मामला प्रकाश में आया है। घटना के बाद मौके पर पहुंची सर्किल पुलिस शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्यवाही में जुट गई है। साथ ही घटना के आरोपित पूर्व प्रधान सहित तीन लोगों को हिरासत में भी ले लिया गया है।

मनिया गांव के पश्चिम मोहल्ला निवासी मसूद खान (55 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय रियायत खान अपने पुश्तैनी मकान में शुक्रवार की दोपहर जुमा नमाज बाद आराम कर रहे थे। पारिवारिक जनों का आरोप है कि इसी बीच बगल के ही काश्तकार पूर्व ग्राम प्रधान कृष्ण मौर्य और उनके भाई एवं पुत्र सहित परिवार के कुछ अन्य लोगों के द्वारा मसूद खान के जमीन से सटकर सीमेंटेड खंभा गाड़ा जाने लगा।

इस बात की जानकारी होने पर मसूद खान वहां मौके पर पूछने के लिए पहुंचे। आरोप है कि इस बीच विपक्षीगणों के द्वारा उन्हें मौके पर ही भला बुरा कहते हुए गला दबाकर हत्या कर दिया गया।

ढाई फीट जमीन बनी काल:
मृतक के परिवार के लोगों ने बताया कि मकान से सटकर ढाई फीट की जमीन हमारे द्वारा छोड़ी गई है और बगल के काश्तकार कृष्णा मौर्य के द्वारा भी ढाई फीट जमीन छोड़ने की बात कही गई थी इस मामले में विवाद होने पर सिविल न्यायालय में मामला विचाराधीन है। जो करीब 20 वर्षों से चल रहा है। आज अचानक बगल की काश्तकार आरोपीगण के द्वारा हमारे मकान से सटाकर ही खंभा गाड़ा जाने लगा। जिसका विरोध करने पर इन्हें अपनी जान गंवानी पड़ी।

घटना की सूचना मिलते ही ग़हमर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक शैलेश कुमार मिश्रा मौके पर पहुंच गए। वहीं सूचना पाकर एसपी ग्रामीण, एसडीएम सेवराई लोकेश कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी जमानिया कृष्णा तिवारी, प्रभारी निरीक्षक दिलदारनगर अशोक मिश्रा, जमानिया कोतवाल प्रमोद कुमार सिंह, रेवतीपुर थानाध्यक्ष रमेश पटेल के साथ छ: थानों की पुलिस फोर्स पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वही तीन आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है।



