गहमर में दो युवकों की नृशंस हत्या, एक अभी लापता: गांव में शोक की लहर, अंतिम संस्कार में उमड़ी भीड़



सेवराई।तहसील क्षेत्र के गहमर थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते हुई खूनी झड़प में दो युवकों की बेरहमी से हत्या कर दी गई, जबकि उनका एक साथी 36 घंटे बीतने के बाद भी लापता है। इस घटना से क्षेत्र में तनाव और आक्रोश का माहौल बना हुआ है। लापता युवक अंकित सिंह का अभी तक कोई सुराग नहीं मिल सका है, जिससे परिजनों की चिंता बढ़ती जा रही है।
घटना 24 दिसंबर की रात की है, जब गहमर के खेलूराय पट्टी में वर्चस्व की लड़ाई खूनी संघर्ष में बदल गई। मृतकों की पहचान विक्की सिंह (23) और सौरभ सिंह (24) के रूप में हुई है। दोनों युवक अपने साथी अंकित सिंह (25) के साथ एक बाइक पर सवार थे, जब विरोधी गुट ने उन्हें घेर लिया और लाठी-डंडों व धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमलावरों ने शवों को तालाब में फेंक दिया था, जिन्हें पुलिस ने बरामद कर लिया।
पोस्टमार्टम के बाद गुरुवार को दोनों शव गांव पहुंचे तो माहौल गमगीन हो गया। परिजनों का करुण क्रंदन सुनकर हर किसी की आंखें नम हो गईं। गांव में शोक और सन्नाटा पसरा रहा। इसके बाद गहमर नरवा घाट पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों और परिजनों की मौजूदगी में दोनों का एक साथ अंतिम संस्कार किया गया। विक्की को उनके बड़े भाई विकास सिंह ने मुखाग्नि दी, जबकि सौरभ को उनके चाचा मकसूदन सिंह उर्फ मूसन ने।
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए गहमर पुलिस सहित भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। पुलिस अधिकारी अंतिम संस्कार के दौरान पूरे समय मौके पर मौजूद रहे और स्थिति पर नजर रखे हुए थे।
ग्रामीणों ने प्रशासन से आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कठोर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने की अपील भी की। प्रशासन ने मामले में सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है। पुलिस गोताखोरों की मदद से लापता अंकित की तलाश में जुटी हुई है। क्षेत्र में अभी भी तनावपूर्ण शांति बनी हुई है।
पुलिस के अनुसार, यह घटना पुरानी रंजिश और वर्चस्व की लड़ाई का परिणाम है। जांच जारी है और कई लोगों से पूछताछ की जा रही है।


