सब्जी विक्रेता ने की आत्महत्या, सूदखोरों पर लगाया पीताड़ना का आरोप

गोरखपुर : जिले के बड़हलगंज थाना क्षेत्र के साऊखोर गांव में 48 वर्षीय सब्जी विक्रेता अजय तिवारी ने सूदखोरों की प्रताड़ना से परेशान होकर आत्महत्या कर ली। मंगलवार रात उन्होंने अपने घर के सामने स्थित घारी (पशुओं का आश्रय स्थल) में फांसी लगाकर जान दे दी।

सुसाइड से पहले बनाया वीडियो, सूदखोरों पर लगाए गंभीर आरोप

अजय तिवारी ने आत्महत्या से पहले कुछ वीडियो रिकॉर्ड किए, जिसमें उन्होंने दो स्थानीय सूदखोरों पर लगातार मानसिक और आर्थिक प्रताड़ना देने का आरोप लगाया। वीडियो में उन्होंने बताया कि उन्होंने सूदखोरों से कुछ पैसे उधार लिए थे, जो वे कई गुना चुका चुके थे। इसके बावजूद, सूदखोर बार-बार पैसे की मांग कर रहे थे और प्रताड़ित कर रहे थे।

रोज दुकान पर आकर निकाल लेते थे पैसे

अजय के भाई दुर्गविजय तिवारी उर्फ सिप्पू ने बताया कि सूदखोर उनकी दुकान पर रोजाना आकर बैठ जाते थे और जो भी बिक्री होती थी, उसे जबरन गल्ले से निकालकर ले जाते थे। विरोध करने पर गाली-गलौज करते थे और जान से मारने की धमकी भी देते थे।

पुलिस जांच में जुटी, अभी तक नहीं मिली तहरीर

घटना की जानकारी मिलते ही सीओ गोला और कोतवाल बड़हलगंज मौके पर पहुंचे और परिजनों से पूछताछ की। ग्रामीणों ने भी बताया कि अजय ने पड़ोस के गांव के दो व्यक्तियों से ब्याज पर पैसे लिए थे, लेकिन वे सूदखोर लगातार उन्हें प्रताड़ित कर रहे थे, जिससे अजय मानसिक रूप से टूट चुके थे।

सुसाइड वीडियो में अजय ने किया खुलासा

अजय तिवारी ने अपने वीडियो में कहा, “मैं ब्याज का पैसा चुका चुका हूं, फिर भी सूदखोर वसूल रहे हैं। व्यापार ठप हो गया है, घर में कलह बढ़ गई है। अब मेरी हिम्मत जवाब दे चुकी है, इसलिए मैं यह कदम उठा रहा हूं।”

परिवार का रो-रोकर बुरा हाल

अजय तिवारी की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनकी पत्नी अनुराधा, बेटियां अंशु और अंजली, और बेटा आयुष गहरे सदमे में हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

एसपी दक्षिणी जितेंद्र कुमार का कहना है कि अभी तक इस मामले में कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई जल्द की जाएगी।

Chandan Sharma

चन्दन शर्मा पत्रकार (Chandan Sharma Journalist) पिछले 10 सालों से मीडिया में एक्टिव हैं। उन्होंने खबर हलचल न्यूज के साथ काम करना शुरू किया और बाद में "द सर्जिकल न्यूज" नामक अपना खुद का समाचार पोर्टल और यूट्यूब चैनल शुरू किया। द सर्जिकल न्यूज का 5 साल तक सफलतापूर्वक संचालन किया। डीडीयू गोरखपुर विश्वविद्यालय पत्रकारिता में स्नातकोत्तर के दौरान शुरू हुए "जन स्वराज हिंदी" के संस्थापक सदस्य हैं। पत्रकारिता में परास्नातक चंदन शर्मा को डिजिटल न्यूज़, टेक्नॉलॉजी, ग्रामीण रिपोर्टिंग, रिसर्च पत्रकारिता, ब्रेकिंग न्यूज, राजनीतिक समाचार और वायरल न्यूज में दिलचस्पी है।

Don't try, this is illigal.