शादी से पहले युवती की संदिग्ध मौत, मंगेतर पर दहेज हत्या का आरोप
उत्तर प्रदेश : भिटौली क्षेत्र के पिपरा खादर गांव में एक युवती का शव संदिग्ध परिस्थितियों में उसके मंगेतर के घर में फांसी के फंदे से लटका मिला। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। युवती की शादी 6 मार्च को तय थी, लेकिन वह पहले से ही अपने होने वाले पति के घर रह रही थी। युवती के परिजनों ने दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस से न्याय की गुहार की है।
युवती के पिता ने बताया कि उनकी 18 वर्षीय बेटी की शादी पिपरा खादर के युवक से तय हुई थी। दोनों एक-दूसरे को पसंद करते थे और सजातीय होने के कारण परिवारों ने रिश्ता पक्का कर दिया था। हालांकि, शादी तय होने के बाद युवती के भाई का एक हादसे में पैर कट गया, जिससे परिवार ने शादी की तारीख आगे बढ़ाने की इच्छा जताई। लेकिन लड़के पक्ष ने इसका विरोध किया और कहा कि शादी तय तारीख पर ही होगी, क्योंकि कार्ड बंट चुके हैं। इस विवाद के बीच युवक ने युवती को अपने घर बुला लिया।
Read Also: Gorakhpur News : फ़ाइनेंस कंपनी के एजेंट को लूटने वाले गिरफ्तार
सोमवार को युवती और उसके मंगेतर के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। इसके दो दिन बाद, बुधवार को युवती का शव उसके मंगेतर के कमरे में फांसी के फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही युवती के पिता और अन्य परिजन मौके पर पहुंचे। उनका आरोप है कि युवक ने शादी से पहले ही उनकी बेटी को झांसा देकर अपने घर बुलाया, उसकी मांग में सिंदूर भर दिया और अब दहेज के लिए उसकी हत्या कर दी।
घटना की सूचना मिलते ही भिटौली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवती के पिता ने थाने में तहरीर देकर मंगेतर और उसके परिवार पर दहेज हत्या का आरोप लगाया है।
थानाध्यक्ष मदन मोहन मिश्र ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच जारी है।
जनस्वराज हिंदी के व्हाट्सएप्प ग्रुप में जुडने के लिए क्लिक करें:
https://chat.whatsapp.com/DuMQ0U5z85a0bIgrUgUMlU


