स्कूल चलो अभियान’ के तहत भदौरा में जागरूकता रैली, शिक्षा के लिए किया प्रेरित

बीईओ अशोक कुमार गौतम ने दिखाई हरी झंडी, बच्चों के नामांकन और उपस्थिति पर जोर
सेवराई। तहसील क्षेत्र के भदौरा गांव स्थित परिषदीय विद्यालय में सोमवार को उत्कृष्ट शैक्षिक वातावरण के बीच ‘स्कूल चलो अभियान’ के तहत एक भव्य जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली को खंड शिक्षा अधिकारी अशोक कुमार गौतम ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस रैली का मुख्य उद्देश्य अभिभावकों और ग्रामीणों को बच्चों के शत-प्रतिशत नामांकन एवं उनकी नियमित उपस्थिति के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाध्यापक संतोष कुमार सिंह, शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
रैली के दौरान बच्चों ने “सब पढ़ें, सब बढ़ें” जैसे जोशीले नारों के साथ पूरे बाजार में भ्रमण किया और शिक्षा के महत्व का संदेश जन-जन तक पहुंचाया। छात्रों के उत्साह और जागरूकता से पूरे क्षेत्र का माहौल शिक्षामय हो गया। खंड शिक्षा अधिकारी अशोक कुमार गौतम ने इस मौके पर अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजें और उनकी शिक्षा के प्रति जिम्मेदारी निभाएं, ताकि उनका भविष्य उज्ज्वल बन सके।
कार्यक्रम का समापन विद्यालय परिसर में हुआ, जहां विद्यालय परिवार ने इस अभियान को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। ‘स्कूल चलो अभियान’ के तहत निकाली गई यह रैली न केवल जागरूकता का माध्यम बनी, बल्कि समाज को शिक्षा के प्रति अपनी जिम्मेदारी का एहसास भी कराया।
इस मौके पर अशोक सिंह, सुनील सिंह, राजेन्द्र राम, चन्दन पांडेय आदि सहित सम्बंधित विद्यालय के शिक्षक शिक्षिका मौजूद रहे।