कड़ाके की ठंड से जनजीवन अस्तव्यस्त,तापमान 6 डिग्री सेल्सियस पहुंचा

सेवराई ।तहसील क्षेत्र में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। शनिवार को न्यूनतम तापमान गिरकर 6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिससे पूरे इलाके में गलन भरी ठंड महसूस की गई। कई दिनों बाद एक बार फिर घना कोहरा छा गया, जिससे चारों ओर सफेद चादर सी बिछ गई।

सुबह के समय कोहरे की तीव्रता इतनी अधिक थी कि दृश्यता बेहद कम हो गई। दिन में भी वाहन चालकों को हेडलाइट जलाकर चलना पड़ा। सड़कों पर वाहनों की धीमी रफ्तार और ट्रेनों के विलंब से चलने से मौसम की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है। सूर्यदेव भी कोहरे की मोटी परत को चीरकर बाहर निकलने में संघर्ष करते दिखे।

मौसम विभाग एवं कृषि विभाग के एसडीओ (एजी) प्रभाकर पांडेय ने बताया कि आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान 19 से 21 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 6 से 8 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। इस दौरान हवाएं लगभग 6 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं।

कई दिनों बाद वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) भी 300 के पार पहुंच गया, जो 304 दर्ज किया गया। इससे सांस संबंधी दिक्कतों का खतरा बढ़ गया है। बर्फीली ठंड का असर न सिर्फ आमजन बल्कि पशु-पक्षियों पर भी दिखाई दे रहा है। लोग ठंड से बचाव के लिए अलाव का सहारा ले रहे हैं और धूप निकलने के बाद ही घरों से बाहर निकलना पसंद कर रहे हैं।

सर्दी और कोहरे के इस दोहरे प्रकोप ने सेवराई तहसील क्षेत्र में सामान्य जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है।

Don't try, this is illigal.