न्याय नहीं मिलने पर पूर्व सैनिको ने दिया धरना, प्रशासन पर कार्रवाई न करने का आरोप

 

सेवराई। स्थानीय तहसील क्षेत्र के रकसहां गांव निवासी पूर्व सैनिक दुर्गा प्रसाद गुप्ता के जमीन विवाद के मामले में अब तक कोई ठोस कार्रवाई न होने से नाराज़ भूतपूर्व सैनिक कल्याण एवं विकास समिति जबुरना के बैनर तले पूर्व सूचना के अनुसार सोमवार को पूर्व सैनिकों ने स्थानीय तहसील के मुख्य गेट के बगल में शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन किया। धरने के दौरान प्रशासन के खिलाफ जमकर नाराजगी जताई गई और न्याय की मांग की गई।
धरने की सूचना पर मौके पर पहुंचे नायब तहसीलदार रामेश्वर तिवारी ने पूर्व सैनिकों से वार्ता कर मामले को सुलझाने का प्रयास किया। हालांकि पूर्व सैनिक अपने हिस्से की पूरी जमीन से कम किसी भी समाधान को मानने से साफ इनकार करते रहे। वार्ता के बावजूद कोई ठोस नतीजा न निकल पाने के कारण धरना देर तक चलता रहा।
धरने में शामिल पूर्व सैनिकों ने आरोप लगाया कि दिलदारनगर बाजार के वार्ड नंबर-5 में स्थित दुर्गा प्रसाद गुप्ता से जुड़े भूमि प्रकरण में लेखपाल और कानूनगो को निर्देश दिए जाने के बावजूद अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है। वक्ताओं का कहना था कि दिलदारनगर के चेयरमैन की पत्नी द्वारा कथित तौर पर अपने पति के पद और प्रभाव का दुरुपयोग करते हुए केवल 1127 वर्ग फीट जमीन की रजिस्ट्री कराई गई, जबकि पूरे 2300 वर्ग फीट के मकान पर जबरन कब्जा कर लिया गया है।

पूर्व सैनिकों का कहना है कि संगठन की ओर से कई बार पत्राचार और शिकायत किए जाने के बावजूद न तो जांच शुरू हुई और न ही दोषियों पर कोई कार्रवाई हुई। इसी उदासीनता के कारण पूर्व सैनिकों में भारी आक्रोश व्याप्त है और उन्हें धरना-प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होना पड़ा।

समिति के प्रबंधक रामशंकर गुप्ता उर्फ फौजी ने कहा कि एक पूर्व सैनिक के साथ लगातार अन्याय हो रहा है, जिसे किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि धरने के बाद भी न्यायसंगत समाधान नहीं हुआ तो इस मामले को मुख्यमंत्री तक ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर भी उठाया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि पूर्व सैनिक सम्मान और अधिकारों की लड़ाई से पीछे हटने वाले नहीं हैं।

धरना-प्रदर्शन में शामिल सैनिकों और स्थानीय लोगों के बीच यह मामला चर्चा का विषय बना रहा। मौके पर मार्कण्डेय सिंह, रामशंकर गुप्ता फौजी, सदानंद यादव, जितेंद्र गुप्ता, मुमताज खान, दुर्गा प्रसाद, नसीम अहमद, ओमप्रकाश, रामचंद्र प्रजापति, मुक्तेश्वर, सीताराम हंसराज, हरिचरण, हृदय नारायणन, हीरा, संजय प्रकाश सहित बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक और समर्थक मौजूद रहे।

0
Uttar Pradesh Legislative Assembly Election 2027

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव - 2027 में किसकी सरकार बनेगी?

Don't try, this is illigal.