रेवतीपुर ब्लॉक के गगरन गांव में भ्रष्टाचार का आरोप, जांच के दौरान प्रधान पक्ष नदारद




अजित कुमार सिंह
नगसर । स्थानीय क्षेत्र के रेवतीपुर ब्लॉक के गगरन गांव में ग्राम प्रधान और कुछ सरकारी कर्मचारियों पर ग्रामीणों ने गंभीर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए हैं। धर्मेंद्र तिवारी, अवधेश गुप्ता, विनोद प्रसाद सहित दर्जनों ग्रामीणों ने शिकायत की है कि नाली, खड़ंजा और सीसी निर्माण के नाम पर कागज़ों में ही काम दिखाकर लाखों रुपए का गबन किया गया है।
ग्रामीणों के अनुसार कागज़ों में पूरा भुगतान दिखा दिया गया है, जबकि नाली का कोई कार्य मौके पर दिखाई नहीं देता। सीसी और खड़ंजा कार्य भी काफी हद तक अधूरा बताया जा रहा है।
शिकायत मिलने पर जांच के लिए एडीओ आईएसबी रामभवन, जेई विनोद और सचिव रोहित कुमार गांव पहुंचे। टीम ने मौके का निरीक्षण किया। एडीओ ने बताया कि सीसी निर्माण का कुछ हिस्सा ही पूरा मिला है, जबकि नाली का कार्य कागज़ों में ही दर्शाया गया है, जो गंभीर अनियमितता की ओर इशारा करता है।
जांच के दौरान विशेष बात यह रही कि ग्राम प्रधान या उनका कोई प्रतिनिधि मौके पर मौजूद नहीं था, जिससे ग्रामीणों की शंकाएं और गहरी हो गईं।
जांच टीम ने प्रारंभिक रूप से लूट-खसोट और गबन की आशंका जताई है। मामले की विस्तृत रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजी जाएगी, जिसके बाद आगे की कार्रवाई तय होगी।


