कारगिल विजय दिवस पर कुशीनगर में भाजपा ने आयोजित की संगोष्ठी, शहीद परिजनों को किया सम्मानित
BJP organized a seminar in Kushinagar on Kargil Vijay Diwas, honored the families of martyrs
कुशीनगर: 26 जुलाई को कारगिल विजय दिवस की 26वीं वर्षगांठ पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा रविन्द्र नगर स्थित भाजपा जिला कार्यालय में एक भव्य जिला स्तरीय संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर भारतीय सशस्त्र बलों के वीर सैनिकों, पूर्व सैनिकों और कारगिल युद्ध में शहीद हुए जवानों के परिजनों को सम्मानित कर देशभक्ति और बलिदान की मिसालों को याद किया गया।
भाजपा प्रदेश मंत्री व जिला प्रभारी शकुंतला चौहान ने अपने संबोधन में कहा कि “कारगिल विजय दिवस” सिर्फ एक सैन्य जीत नहीं, बल्कि राष्ट्र की एकता, अखंडता और असाधारण वीरता का प्रतीक है। 1999 के कारगिल युद्ध में भारतीय सेना ने अदम्य साहस, अनुशासन और समर्पण का परिचय देते हुए पाकिस्तानी घुसपैठियों को खदेड़कर विजय प्राप्त की थी। यह दिन उन बलिदानों का प्रतीक है जो आज भी भारत की रक्षा की नींव हैं।
भाजपा जिलाध्यक्ष दुर्गेश राय ने कहा, “कारगिल की पहाड़ियों पर भारतीय सैनिकों का साहसिक पराक्रम इतिहास के स्वर्णिम अध्यायों में शामिल है। इस विजय दिवस की भावना हमें हमेशा राष्ट्रीय एकता और बलिदान के महत्व की याद दिलाती है।”
संगोष्ठी को हाटा विधायक मोहन वर्मा, रामकोला विधायक विनय प्रकाश गोंड, फाजिलनगर विधायक सुरेंद्र सिंह कुशवाहा, पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. प्रेमचंद मिश्र, लल्लन मिश्र, जगदंबा सिंह सहित कई वक्ताओं ने संबोधित करते हुए कारगिल युद्ध के प्रेरणादायक पहलुओं को साझा किया।
पूर्व सैनिक संघ के जिला उपाध्यक्ष लालबहादुर त्रिपाठी ने कारगिल युद्ध की विभीषिका और उसमें सैनिकों द्वारा प्रदर्शित अद्वितीय वीरता के अनुभव जनसभा से साझा किए, जिससे पूरा माहौल देशभक्ति की भावना से भर उठा।
Read more: कुशीनगर: नि:क्षय मित्र बनकर क्षयरोगियों को दें भावनात्मक संबल: डॉ. मार्कण्डेय
कार्यक्रम का संचालन जिला मंत्री एवं संयोजक विवेकानंद शुक्ल ने किया।
इस अवसर पर पूर्व सैनिक कैप्टन दयाशंकर पाण्डेय, कैप्टन शमसुद्दीन, अनिल त्रिपाठी, सुरेश पाण्डेय, श्यामबदन यादव, राजकिशोर ओझा, जसवंत राव, राजेश राव, सत्येंद्र राय, विनोद सिंह, अमरनाथ कुशवाहा, मुरारी शर्मा, शारदा मद्धेशिया, मस्तराज गुप्ता और ओमप्रकाश पाण्डेय को विशेष सम्मान देकर उनके सेवा योगदान को सराहा गया।
इस गरिमामयी आयोजन में भाजपा के वरिष्ठ नेता, जिला पदाधिकारी, ब्लॉक प्रमुख, नगर पालिका व पंचायत अध्यक्ष, मंडल प्रभारी, मंडल अध्यक्ष, तथा मोर्चा व प्रकोष्ठों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।


