दिल्ली चुनाव में कांग्रेस को बड़ा झटका, पूर्व केंद्रीय मंत्री कृष्णा तीरथ की जमानत जब्त

नई दिल्ली: दिल्ली विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को करारी हार का सामना करना पड़ा है। पार्टी इस बार भी राजधानी में अपना खाता खोलने में नाकाम रही। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि यूपीए-2 सरकार में महिला एवं बाल विकास मंत्री रहीं कृष्णा तीरथ महज 4654 वोट ही हासिल कर सकीं, जिससे उनकी जमानत जब्त हो गई।
पटेल नगर विधानसभा सीट (नंबर 24) से आम आदमी पार्टी (AAP) के उम्मीदवार प्रवेश रत्न ने 4049 मतों के अंतर से जीत दर्ज की। उन्हें कुल 57,512 वोट मिले, जबकि दूसरे स्थान पर भाजपा के राजकुमार आनंद रहे, जिन्होंने 53,463 वोट हासिल किए। कांग्रेस प्रत्याशी कृष्णा तीरथ को मात्र 4654 वोट मिले, जिससे उनकी हार बेहद शर्मनाक रही।
कांग्रेस का खाता तक नहीं खुला:
दिल्ली चुनाव में कांग्रेस की स्थिति इतनी कमजोर रही कि उसके सिर्फ तीन उम्मीदवार ही 25,000 से अधिक मत हासिल कर सके। पार्टी एक बार फिर शून्य पर सिमट गई, जिससे शीर्ष नेतृत्व के लिए यह चुनाव किसी बड़े झटके से कम नहीं था।
कभी दिल्ली की राजनीति में मजबूत पकड़ रखने वाली कांग्रेस, अब पूरी तरह हाशिए पर नजर आ रही है। कृष्णा तीरथ जैसी वरिष्ठ नेता की जमानत जब्त होने से यह साफ हो गया है कि राजधानी में पार्टी की पकड़ बेहद कमजोर हो चुकी है।


