सड़क हादसे में युवक की मौत,दो गंभीर रूप से घायल

सेवराई। गहमर थाना क्षेत्र के देवल कर्मनाशा पुल के पास हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल है जिन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर प्राथमिक उपचार के बाद स्थिति नाजुक होने पर जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया है। घटना के बाद सामुदायिक स्वास्थ्य पहुंचे परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। मृतक सहित अन्य दोनों घायल बिहार प्रांत के देवरिया गांव निवासी हैं।
जानकारी अनुसार पड़ोसी राज बिहार प्रांत के देवरिया गांव निवासी विकास सिंह (32) पुत्र त्रिभुवन सिंह, पंकज सिंह (22) पुत्र धीरेंद्र सिंह एवं लालू सिंह (50) कृष्ण भगवान एक ही बाइक पर सवार होकर देवल कर्मनाशा पुल के रास्ते भदौरा आए हुए थे। यह वापस बिहार प्रांत के देवरिया जा रहे थे कि देवल गांव के समीप एक बड़े बरगद के पेड़ से बाइक और नियंत्रित होकर जोरदार टक्कर हो गई जिससे तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर की आवाज सुन आसपास लोगों का भारी भीड़ जुट गया है। आनन फानन में लोगों ने 108 एंबुलेंस से तीनों को सामुदायिक स्वास्थ्य भदौरा में भर्ती कराया जहां चिकित्सकों ने विकास सिंह पुत्र त्रिभुवन सिंह को मृत घोषित कर दिया। वहीं अन्य दो लोगों के स्थिति नाजुक होने पर प्राथमिक उपचार के बाद जिला मुख्यालय रेफर कर दिया।
घायलों के तीमारदारों ने बताया कि सामुदायिक स्वास्थ्य भदौरा पहुंचने के बाद चिकित्सकों ने दोनों मरीजों को रेफर तो कर दिया लेकिन 108 एंबुलेंस पर लगातार फोन करने की बावजूद करीब डेढ़ घंटे तक एंबुलेंस नहीं आई जिसे मरीजों की स्थिति और बिगड़ती गई अंत में प्राइवेट एंबुलेंस के जरिए उन्हें निजी अस्पताल ले जाया जा रहा है। इस संबंध में प्रभारी चिकित्सक डॉ मो. हारून ने बताया कि एक एक्सीडेंटल मामला आया था जिसमें एक युवक की मौत हो गई है जबकि दो अन्य घायल है जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है घटना को लेकर स्थानीय पुलिस को सूचना दे दी गई है।

