ट्रैक पार करते समय ट्रेन के चपेट में आया व्यक्ति,मौके पर दर्दनाक मौत,शव को लिया कब्जे में



सेवराई। पंडित दीनदयाल उपाध्याय दानापुर रेलखंड के भदौरा रेलवे स्टेशन पर उस वक्त अफरा तफरी मच गई जब रेलवे ट्रैक पार करने के दौरान एक व्यक्ति ट्रेन की चपेट में आ गया। जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतक के पास मिले मोबाइल के आधार पर उसकी पहचान गहमर के पकड़ीतर निवासी कमलेश उपाध्याय 40 वर्ष पुत्र स्वर्गीय शिव मूरत उपाध्याय के रूप में की गई। घटना की सूचना मिलने के बाद मृतक के पारिवारिक जनों में कोहराम मच गया वहीं गांव के लोगों ने घटना को लेकर शोक संवेदना व्यक्त की है।
पारिवारिजनों की माने तो मृतक कमलेश उपाध्याय मां के दवा के लिए वाराणसी जा रहे थे। कमलेश का एक भाई विदेश में रहकर प्राइवेट जॉब करते हैं जबकि चार बहने भी हैं। पिता पूर्व फौजी रह चुके है। मां की तबीयत खराब होने के कारण यह प्रायः उनके दवा इलाज के लिए वाराणसी जाते रहते थे। बुधवार की सुबह घर से वाराणसी जाने के लिए निकले थे कि भदौरा रेलवे स्टेशन के समीप अपलाइन पर रेलवे ट्रैक पार करते समय अपलाइन से गुजर रही पंजाब मेल की चपेट में आ गए जिससे इनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
आसपास मौजूद अन्य लोगों के द्वारा घटना की सूचना स्टेशन मास्टर को दी गई स्टेशन मास्टर ने इसकी सूचना रेल अधिकारियों एवं कंट्रोल को दी मौके पर पहुंचे जीआरपी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना को लेकर लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं व्याप्त हैं। इस संदर्भ में जीआरपी चौकी इंचार्ज रावेन्द्र कुमार मिश्रा ने बताया कि भदौरा रेलवे स्टेशन पर एक व्यक्ति के रन ओवर की सूचना मिली है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।


