Deoria News: छात्राओं से छेड़खानी करने वाले आरोपियों से पुलिस की मुठभेड़, दो के पैर में लगी गोली

देवरिया। स्कूल से घर लौट रहीं दो छात्राओं से दो दिन पहले हुए छेड़खानी के मामले में रविवार की रात आरोपियों से पुलिस की मुठभेड़ (Police Encounter)हो गई। इसमें दो आरोपी घायल हो गए हैं। दोनों के पैर में गोली लगी है। देर रात दोनों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। आरोपियों की पहचान धीरज पटेल और रितिक यादव के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, छेड़खानी के ये दोनों आरोपी धीरज पटेल पुत्र राधाकृष्ण और रितिक यादव पुत्र दीनानाथ निवासी बैकुंठपुर बंजरिया टोला, देवरिया बाइक से तरकुलवा क्षेत्र के सिरसिया गोठा की ओर जा रहे थे। रात करीब 11.30 बजे मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी की तो आरोपियों ने फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैर में गोली लगी। धीरज के बाएं तो रितिक के दाएं पैर में गोली लगी है। पुलिस ने दोनों के पास दो तमंचे भी बरामद किए हैं। दोनों को मेडिकल काॅलेज में भर्ती कराया है। दोनों की स्थिति खतरे के बाहर है।
देवरिया विधायक शलभमणि का एक्स पोस्ट
दरिंदों का इलाज हो गया है, देवरिया पुलिस ने चारों गुंडों को एक मुठभेड़ में गिरफ़्तार कर लिया है, दो मुख्य आरोपियों के पैर में गोली लगी है, डॉक्टरों का कहना है कि ताउम्र के लिए दिव्यांग हो गये, ऐसे दरिदों का यही इलाज भी होना चाहिए, शाबाश @DeoriaPolice https://t.co/GevbGNmPpZ pic.twitter.com/2t2tXmmB6F
— Dr. Shalabh Mani Tripathi (@shalabhmani) October 6, 2024
गौरतलब है कि शुक्रवार को स्कूल से घर लौट रही दो छात्राओं के साथ रास्ते में बाइक सवार चार नकाबपोश बदमाशों ने छेड़खानी की थी। छात्राओं का अपहरण करने की भी कोशिश की गई थी लेकिन ग्रामीणों के पहुंच जाने से बदमाश भाग निकले थे। इस मामले में पुलिस ने देर रात ही एक संदिग्ध को दबोच लिया था, उसकी निशानदेही पर सभी आरोपियों की पहचान कर ली गई थी।
एएसपी दीपेंद्र नाथ चौधरी ने मीडिया को बताया कि छेड़खानी के आरोपियों के सिरसिया गोठा मार्ग पर जाने की सूचना मिली थी। तत्काल टीमें भजीं गईं। आरोपियों ने पुलिस को देखते ही फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैर में गोली लगी है।

