भदौरा ब्लॉक में 5 सितंबर को लगेगा सहायक उपकरण परीक्षण शिविर

 

…दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठजनों के पंजीकरण और परीक्षण की होगी व्यवस्था, पात्र लाभार्थियों को मिलेगा योजना का लाभ….

सेवराई। तहसील क्षेत्र के दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठजनों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से भारत सरकार की एडीआईपी (ADIP) योजना एवं राष्ट्रीय वयोश्री योजना के तहत आगामी 5 सितंबर, शनिवार को भदौरा ब्लॉक मुख्यालय परिसर में सहायक उपकरणों के परीक्षण एवं पंजीकरण के लिए शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक चलेगा।

शिविर में दिव्यांगजन एवं वरिष्ठजन निर्धारित समय पर पहुंचकर अपना पंजीकरण एवं परीक्षण करा सकेंगे। परीक्षण के बाद योजना के निर्धारित मानकों के अनुसार पात्र लाभार्थियों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप सहायक उपकरण उपलब्ध कराने की प्रक्रिया की जाएगी।

शिविर को लेकर सेवराई गांव में ग्राम प्रधान प्रशासक सुभाष यादव की ओर से जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। गांव की गलियों में प्रचार-प्रसार कर लोगों को शिविर की जानकारी दी जा रही है। साथ ही पात्र दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठजनों से शिविर में पहुंचकर योजना का लाभ उठाने की अपील की जा रही है।

एडीओ समाज कल्याण दिव्यांश राय ने ग्रामीणों से अपील की कि शिविर की जानकारी अपने आसपास रहने वाले जरूरतमंद दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठजनों तक भी पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक पात्र लाभार्थी शिविर में पहुंचकर अपना पंजीकरण और परीक्षण कराएं, ताकि पात्र लोगों को उनकी जरूरत के अनुसार सहायक उपकरण उपलब्ध कराने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा सके। उन्होंने बताया कि शिविर का उद्देश्य पात्र लाभार्थियों को सरकारी योजना का लाभ उनके घर के नजदीक उपलब्ध कराना है।

Don't try, this is illigal.