बाढ़ पीड़ितों में राहत सामग्री वितरित, भाजपा जिलाध्यक्ष ने दिया हरसंभव मदद का भरोसा



सेवराई। तहसील क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित गांव हसनपुरा में गुरुवार की शाम भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय और भाजपा नेता पीयूष राय ने बाढ़ पीड़ितों को राहत सामग्री के पैकेट वितरित किए। इस दौरान एसडीएम सेवराई गजराज सिंह यादव और प्रभारी तहसीलदार पंकज कुमार की मौजूदगी में सभी सूचीबद्ध बाढ़ पीड़ितों को राहत पैकेट उपलब्ध कराया गया।
राहत सामग्री वितरण के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय ने बाढ़ पीड़ितों को संबोधित करते हुए कहा कि बाढ़ की इस कठिन परिस्थिति में सरकार और प्रशासन प्रभावित परिवारों के साथ खड़ा है। किसी भी पीड़ित परिवार को परेशान होने की जरूरत नहीं है। जरूरतमंद लोगों तक हरसंभव राहत पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रभावित गांवों में राहत एवं बचाव कार्यों की लगातार निगरानी की जा रही है और आवश्यकतानुसार खाद्य सामग्री सहित अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
भाजपा नेता पीयूष राय ने भी बाढ़ प्रभावित लोगों का हाल जाना और उनकी समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि बाढ़ के कारण जिन परिवारों को परेशानी हो रही है, उनकी मदद के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
इस मौके पर प्रशासनिक अधिकारियों ने भी ग्रामीणों से सावधानी बरतने और बाढ़ के पानी में अनावश्यक रूप से न जाने की अपील की। अधिकारियों ने कहा कि किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तत्काल प्रशासन को सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा सके।


