कुशीनगर से पाकिस्तानी नागरिक गिरफ्तार, बनवा रखा था आधार, पैन, आयुष्मान और राशन कार्ड

कुशीनगर: उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में पटहेरवा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पाकिस्तानी नागरिक समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। यह पाकिस्तानी नागरिक एलटीवी (लॉन्ग टर्म वीजा) पर भारत में रह रहा था और फर्जी दस्तावेज बनवाकर कई सरकारी योजनाओं का फायदा उठा रहा था।
फर्जी दस्तावेज बनवाकर ले रहा था सरकारी योजनाओं का लाभ
पकड़े गए पाकिस्तानी नागरिक की पहचान सेराजुल हक पुत्र नवी हुसैन के रूप में हुई है। उसने फर्जी आधार कार्ड, पैन कार्ड, आयुष्मान कार्ड और राशन कार्ड बनवाकर भारत सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने आयुष्मान भारत योजना के तहत इलाज करवाया और राशन कार्ड के जरिये खाद्यान्न प्राप्त किया।
दो स्थानीय सहयोगी भी गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में दो अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है, जिन्होंने सेराजुल हक को फर्जी दस्तावेज बनवाने में मदद की। इनमें चाँद अख्तर पुत्र वदरूल्लाह निवासी कुचिया पिपरा थाना पटहेरवा — फर्जी पैन कार्ड बनाने में सहयोगी।शब्बीर आजम पुत्र रईस अहमद निवासी दुदही, थाना विशुनपुरा — सहज जन सेवा केंद्र संचालक, जिसने फर्जी आधार कार्ड बनवाया।
पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
पटहेरवा थानाध्यक्ष विनय कुमार मिश्र के नेतृत्व में वरिष्ठ उप निरीक्षक हरेराम सिंह, उप निरीक्षक धीरेन्द्र बर्मा, अनुराग यादव और एलआईयू टीम के सहयोग से यह संयुक्त कार्रवाई की गई। तीनों अभियुक्तों के खिलाफ थाना पटहेरवा में नागरिकता अधिनियम व विदेशी अधिनियम समेत कई धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस ने बताया कि इस पूरे नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है। जांच के दौरान जो भी अन्य लोग इसमें संलिप्त पाए जाएंगे, उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


