कुशीनगर: कुबेरस्थान सीएचसी में वित्तीय अनियमितता का पर्दाफाश, गैरकानूनी बैंक संचालन पर कर्मचारी को नोटिस, कार्रवाई तय
Kushinagar: Financial irregularities exposed in Kuberstan CHC, notice issued to employee for illegal bank operations, action decided
कुशीनगर: कुबेरस्थान स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में सामने आए वित्तीय घोटाले और प्रशासनिक लापरवाही के मामले ने तूल पकड़ लिया है। अब इस गंभीर प्रकरण में प्रशासन ने पहली सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। सीएचसी के अधीक्षक डॉ. धीरज सिंह ने संबंधित कर्मचारी को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए दो कार्य दिवस में जवाब देने का निर्देश दिया है। जवाब संतोषजनक न होने की स्थिति में अनुशासनात्मक कार्रवाई तय मानी जा रही है।
गैर अधिकृत व्यक्ति कर रहा था सरकारी खाते का संचालन
जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के सरकारी बैंक खाते का संचालन एक अनाधिकृत निजी व्यक्ति के माध्यम से कराया जा रहा था। यह कार्य संबंधित लेखा सहायक (एकाउंटेंट) की गैरहाजिरी में हो रहा था, जो अक्सर ड्यूटी से अनुपस्थित रहते हैं। यह सीधे तौर पर वित्तीय नियमों का उल्लंघन और प्रशासनिक निष्क्रियता को दर्शाता है।
Read more:
कुशीनगर में धर्म परिवर्तन कराने वाले गिरोह का भंडाफोड़: 8 आरोपी गिरफ्तार, युवती सकुशल बरामद |
अधीक्षक ने दी कड़ी चेतावनी
अधीक्षक डॉ. धीरज सिंह ने स्पष्ट कहा, “सूचना मिलते ही तुरंत एक्शन लिया गया है। संबंधित कर्मचारी से पूछा गया है कि बिना किसी वैध आदेश के कैसे एक बाहरी व्यक्ति को सरकारी बैंक कार्यों में शामिल किया गया। यदि दो दिन में जवाब नहीं मिला, तो सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।”
सीएमओ ने भी जताई गंभीरता, दोषियों पर गिरेगी गाज
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. बी.एम. राव ने भी इस मामले को अत्यंत गंभीर मानते हुए कहा कि”जो भी इस घोटाले में शामिल है, चाहे वह विभागीय कर्मचारी हो या कोई बाहरी व्यक्ति, किसी को बख्शा नहीं जाएगा। विस्तृत जांच के बाद कानूनी कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाएगी।”


