कुशीनगर इंटरनेशनल एयरपोर्ट को मिला IFR कैटेगरी लाइसेंस, जल्द शुरू होंगी नियमित घरेलू उड़ानें
Kushinagar International Airport gets IFR category license, regular domestic flights will start soon
कुशीनगर: कुशीनगर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को बड़ी सफलता मिली है। एयरपोर्ट को डायरेक्टरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन (DGCA) से इंस्ट्रूमेंट फ्लाइंग रूल्स (IFR) श्रेणी का लाइसेंस मिल गया है। इससे पहले एयरपोर्ट विजुअल फ्लाइंग रूल्स (VFR) श्रेणी में संचालित हो रहा था। इस उन्नयन के साथ अब कुशीनगर एयरपोर्ट से नियमित घरेलू उड़ानों का रास्ता साफ हो गया है, और उम्मीद है कि विंटर शेड्यूल से उड़ान सेवाएं बहाल हो जाएंगी।
दो वर्षों की प्रक्रिया के बाद मिली मंजूरी
IFR कैटेगरी लाइसेंस के लिए पिछले दो वर्षों से तैयारियां चल रही थीं। एयरपोर्ट पर उन्नत नेविगेशनल सिस्टम स्थापित किए गए, जिनमें शामिल हैं:
-
DVOR (Doppler Very High Frequency Omni Range)
-
DME (Distance Measuring Equipment)
-
NBN (Non-Banded Navigation System)
इसके बाद DGCA की विशेष इंस्पेक्शन टीमों ने तीन बार दौरा किया और इंस्पेक्शन एयरक्राफ्ट द्वारा 12 बार परीक्षण उड़ानें की गईं। अंतिम निरीक्षण 10 जून को असिस्टेंट डायरेक्टर वेदप्रकाश प्रजापति के नेतृत्व में हुआ था, जिसके बाद फाइनल रिपोर्ट DGCA को सौंपी गई और अब जाकर एयरपोर्ट को IFR लाइसेंस प्रदान किया गया है।
Read more: कुशीनगर: 71-71 लाला गैंग का भंडाफोड़,12 बदमाशों को अवैध असलहों सहित किया गिरफ्तार
एयरपोर्ट स्टाफ में खुशी की लहर
लाइसेंस प्राप्त होने की खबर मिलते ही एयरपोर्ट स्टाफ में उत्साह की लहर दौड़ गई। सभी ने एक-दूसरे को केक खिलाकर यह खुशी साझा की। यह उपलब्धि न केवल एयरपोर्ट बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
एयरपोर्ट डायरेक्टर का बयान
एयरपोर्ट डायरेक्टर प्राणेश राय ने कहा,“IFR श्रेणी में अपग्रेडेशन से कुशीनगर की हवाई कनेक्टिविटी में जबरदस्त सुधार होगा। इससे नए एयरलाइंस और उड़ानों के लिए अवसर खुलेंगे और एयरपोर्ट के समग्र विकास को गति मिलेगी।”

