दिशानयम-पाथ टू सक्सेस’ प्लेसमेंट ड्राइव शुरू, पहले दिन 100+ छात्रों को मिला रोजगार
गोरखपुर: दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में हीरक जयंती समारोह की श्रृंखला के अंतर्गत दो दिवसीय ‘दिशानयम – पाथ टू सक्सेस’ प्लेसमेंट ड्राइव का शुभारंभ मंगलवार को संवाद भवन में हुआ। यह आयोजन विश्वविद्यालय के एम्प्लॉयमेंट ब्यूरो एवं गाइडेंस एंड प्लेसमेंट सेल द्वारा किया गया, जिसका उद्देश्य छात्रों को शिक्षा के बाद सीधे रोजगार से जोड़ना है।
कार्यक्रम का उद्घाटन कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने किया। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय अब सिर्फ शैक्षणिक केंद्र नहीं, बल्कि व्यवहारिक ज्ञान, मूल्य और कौशल विकास का सशक्त मंच बन चुका है। उन्होंने कहा कि यह प्लेसमेंट ड्राइव छात्रों को वैश्विक प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करने की दिशा में एक ठोस कदम है।
एम्प्लॉयमेंट ब्यूरो और गाइडेंस एंड प्लेसमेंट सेल के निदेशक प्रो. अजय कुमार शुक्ल ने कार्यक्रम की रूपरेखा और उद्देश्य को स्पष्ट करते हुए बताया कि यह विश्वविद्यालय का पहला समन्वित प्रयास है जिसमें विभिन्न विषयों के छात्रों को उनकी योग्यता और रुचि के अनुसार रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
प्लेसमेंट ड्राइव में गेलैंट ग्रुप, इंडिया ग्लाइकोल्स लिमिटेड, एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, ऐस्प्रा ग्रुप, जस्टडायल, मेरियट ग्रुप, रामाडा, आनंद ग्रुप, स्वदेश, सिग्मा ग्रुप, आस्क ऑटोमोबाइल्स, वैड क्रॉप, धूत ट्रांसमिशन, एआर फिनकैप जैसी डेढ़ दर्जन से अधिक नामचीन कंपनियों ने भाग लिया।
इन कंपनियों के प्रतिनिधियों ने विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता और विद्यार्थियों की व्यावहारिक दक्षता की सराहना की। ऐस्प्रा ग्रुप से रॉबिन मुखर्जी, गेलैंट ग्रुप से वाईबी श्रेष्ठा, इंडिया ग्लाइकोल्स से दशरथ मिश्रा जैसे अतिथि भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के पहले दिन ही 100 से अधिक छात्रों को विभिन्न कंपनियों से प्लेसमेंट ऑफर मिला। निदेशक प्रो. अजय कुमार शुक्ल ने बताया कि यह प्रक्रिया दूसरे दिन भी जारी रहेगी।
प्लेसमेंट प्रक्रिया संवाद भवन, वाणिज्य संकाय, अभियंत्रण संकाय और कृषि संकाय में आयोजित की गई। इस दौरान छात्रों में उत्साह देखा गया।
कार्यक्रम का संचालन तेजस्वी दुबे ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉ. मनीष पांडेय ने प्रस्तुत किया। मौके पर प्रो. सुग्रीव नाथ तिवारी समेत विभिन्न विभागों के शिक्षक मौजूद रहे।


