महाकुंभ में आतंकी वारदात की धमकी देने वाला युवक गिरफ्तार, फर्जी मुस्लिम नाम से किया था पोस्ट
आरोपी आयुष कुमार जायसवाल ने अपने दोस्त नसर पठान से झगड़े के बाद उसे फसाने के लिए उसके नाम से इंस्टाग्राम पर फर्जी अकाउंट बनाया था।

News Desk : प्रयागराज महाकुंभ में आतंकी वारदात कर एक हजार लोगों को मारने की धमकी देने वाला युवक गिरफ्तार कर लिया गया है। युवक ने फर्जी मुस्लिम नाम से इंस्टाग्राम आईडी बनाकर पोस्ट किया था।
युवक आयुष कुमार जायसवाल को मेला पुलिस द्वारा बिहार के पूर्णिया जिले से गिरफ्तार करने पर उसने बताया कि उसने दोस्त को फंसाने के लिए फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट बनाकर धमकी भरा पोस्ट किया था। पुलिस उसे लेकर प्रयागराज के लिए चल दी है।
31 दिसंबर को मामला सामने आने के अगले ही दिन मेला कोतवाली थाने में अज्ञात में एफआईआर दर्ज की गई थी। मेला पुलिस की साइबर थाना पुलिस के साथ ही खुलासे के लिए तीन अलग-अलग टीमें लगाईं।
सूत्रों के मुताबिक आईपी एड्रेस ट्रेस करने पर पता चला कि जिस नंबर से यह आईडी बनाई गई, वह बिहार के पूर्णिया जिले के भवानीपुर शहीदगंज से लिया गया था। इसी आधार पर तीन टीमें बिहार जाकर उसकी तलाश में पूर्णिया में अलग-अलग स्थानों पर दबिश दे रही थीं।
सटीक लोकेशन मिलने पर शनिवार को बिहार पुलिस की मदद से उसे हिरासत में ले लिया गया। पुलिस अफसरों के मुताबिक पूछताछ में पता चला कि वह नबालिग है और 11वीं कक्षा में पढ़ता है।
उसने यह भी बताया कि नसर पठान उसका दोस्त है, जिसके नाम से उसने फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट बनाया था। उससे उसका कुछ दिनों पहले विवाद हो गया था। उसे फंसाने के लिए ही उसने फर्जी अकाउंट बनाकर धमकी भरा पोस्ट किया।
आरोपी आयुष कुमार जायसवाल को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसे प्रयागराज लाया जा रहा है। यहां लाकर विस्तृत पूछताछ के साथ ही नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।


