रायपुर में ऑनलाइन सट्टेबाजी का पर्दाफाश, दो आरोपी गिरफ्तार

News Desk (सलोनी विश्वकर्मा): रायपुर पुलिस ने आईपीएल के दौरान ऑनलाइन सट्टेबाजी पर बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना तेलीबांधा पुलिस की संयुक्त टीम ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर छापा मारा।
यह कार्रवाई तेलीबांधा थाना क्षेत्र की गली नंबर 03 में गौतम डेली नीड्स के सामने की गई, जहां दो व्यक्ति मोबाइल फोन के माध्यम से ऑनलाइन सट्टा चला रहे थे। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिन्होंने पूछताछ में अपने नाम चंचल दास जयसिंघानी और गौतम आहूजा, निवासी तेलीबांधा रायपुर, बताया।
पुलिस ने जांच में पाया कि दोनों आरोपी unclebet9.com और kingdombook9.com जैसी वेबसाइट्स पर आईडी बनाकर ऑनलाइन क्रिकेट और अन्य खेलों पर सट्टा संचालित कर रहे थे। उनके कब्जे से दो मोबाइल फोन जब्त किए गए, जो सट्टेबाजी में उपयोग किए जा रहे थे।
आरोपियों के खिलाफ थाना तेलीबांधा में अपराध क्रमांक 170/2025 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 7 और धारा 111 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई।
यह कार्रवाई पुलिस की सतर्कता और सट्टेबाजी जैसी अवैध गतिविधियों पर लगाम लगाने के प्रयास का हिस्सा है। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे इस तरह की गतिविधियों की सूचना तुरंत साझा करें।


