माइनर में युवक का मिला शव, ग्रामीणों ने जताई हत्या की आशंका,पुलिस कार्यवाही में जुटी



दिलदारनगर। थाना क्षेत्र के फूली ग्राम सभा के शाहपुर स्थित कटार देवी मंदिर के पास पानी से भरे माइनर में चंदौली जनपद के धीना थाना क्षेत्र के बघरी गांव निवासी इजहार अंसारी का शव बुधवार की सुबह में मिला।युवक का शव मोटरसाइकिल के नीचे दबा हुआ था।ग्रामीणों ने हत्या का अंदेशा जताया है। सूचना पर पहुंची पुलिस शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कारवाई में जुट गई।
शाहपुर गांव के पश्चिम तरफ कटार देवी का मंदिर है।मंदिर के पास एक माइनर है।भोर में ग्रामीण मंदिर की ओर गए तो माइनर में मोटरसाइकिल गिरा देखे फिर उनकी नजर मोटर साईकिल के नीचे पड़े युवक पर पड़ी।
घटना आग की तरह गांव में फैल गई।ग्रामीणों ने डायल 112 पुलिस को इसकी सूचना दी।पुलिस मौके पर पहुंच घटना की सूचना थाना को दी।थाना से उपनिरीक्षक रामजीत यादव आरक्षियों के साथ पहुंचे और माइनर में गिरे बाइक को उठवाया और उसके नीचे पड़े युवक के शव को बाहर निकाला।मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई थी।तलाशी के दौरान युवक के पैंट के पॉकेट से पर्स मोबाइल व आधार कार्ड मिला।जिससे उसकी पहचान धीना थाना क्षेत्र के बघरी गांव निवासी इजहार अंसारी के रूप में हुई है ।मौके पर मौजूद एक युवक ने बताया कि युवक का ननिहाल दरौली में है।दरौली घटना की जानकारी दी गई तो ननिहाल से युवक पहुंचे और शव देख शिनाख्त किए।पुलिस शव को लेकर थाना पहुंची।युवक के मामा यूनुस अंसारी ने बताया की मंगलवार की शाम को वह घर से यह कह कर निकला कि ससुराल बहुआरा जा रहा हूँ।लेकिन ससुराल तो नहीं पहुंचा लेकिन माइनर में शव मिला।हालांकि यह कैसे हुआ कुछ समझ में नहीं आ रहा है।वही ग्रामीणों ने अंदेशा जताया कि कही इजहार की हत्या तो नहीं है।रात के पहर इस सड़क पर आवाजाही कम रहती है।अब तो यह तो पुलिस के जांच के बाद ही पता चलेगा कि बाईक फिसलने से पानी भरे माइनर में गिरकर मौत हुई है या हत्या कर माइनर में शव के ऊपर बाइक रखकर दुर्घटना का रूप दिया गया है।
थाना निरीक्षक अशोक मिश्रा ने बताया कि युवक के नाना इजहार अंसारी के द्वारा घटना की तहरीर दी गई है।आवश्यक कारवाई की जा रही है।पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही घटना का कारण स्पष्ट होगा।


