Latest News

भीषण गर्मी में अनियमित बिजली कटौती से फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

 

सेवराई (गाजीपुर)। भीषण धूप और उमस भरी गर्मी के बीच लगातार हो रही अनियमित विद्युत कटौती को लेकर क्षेत्रीय लोगों का आक्रोश शनिवार को खुलकर सामने आया। गहमर सहित आसपास के ग्रामीणों ने उपजिलाधिकारी सेवराई संजय यादव को ज्ञापन सौंपकर तत्काल नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित कराने की मांग की।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि रात के समय हर 15 से 20 मिनट पर बिजली काटी जा रही है और यह कटौती दो से ढाई घंटे तक जारी रहती है। लगातार हो रही बिजली कटौती के कारण लोगों का जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। उमस भरी गर्मी में लोगों का घरों में रहना मुश्किल हो गया है तथा रात में लोग ठीक से सो भी नहीं पा रहे हैं। सबसे अधिक परेशानी बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को उठानी पड़ रही है।

ज्ञापन के माध्यम से ग्रामीणों ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि 25 मई तक रात की बिजली कटौती बंद कर नियमित विद्युत आपूर्ति बहाल नहीं की गई, तो क्षेत्रीय जनता मजबूर होकर बड़े स्तर पर “जेल भरो आंदोलन” शुरू करेगी। इसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

ग्रामीणों ने कहा कि भीषण गर्मी में लगातार बिजली कटौती से लोगों में भारी नाराजगी है और यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

ज्ञापन सौंपने वालों में हेराम सिंह, सुनील गहमरी, कामदेव सिंह,उमेश कुमार, महेंद्र यादव, गपक सिंह, श्रवण कुमार, इसरार, सुजीत सिंह, औरंगजेब, प्रदीप पांडेय सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग उपस्थित रहे।

Don't try, this is illigal.