भदौरा रेलवे क्रॉसिंग पर तीसरे दिन भी मरम्मत कार्य से हाहाकार, घंटों जाम में फंसे मरीज व स्कूली वाहन


सेवराई। पूर्व मध्य रेलवे के दानापुर–डीडीयू रेलखंड पर स्थित भदौरा रेलवे क्रॉसिंग संख्या 84बी/टी पर सोमवार को लगातार तीसरे दिन भी चल रहे मरम्मत कार्य के कारण यात्रियों और स्थानीय लोगों को भारी फजीहत का सामना करना पड़ा। सुबह करीब 10 बजे से देर शाम तक रेलवे द्वारा ट्रैक मरम्मत का कार्य किए जाने से क्रॉसिंग के पास सड़क की हालत बदहाल हो गई, जिससे आवागमन लगभग ठप हो गया।

मरम्मत कार्य के दौरान रेलवे क्रॉसिंग पर गहरे गड्ढे हो गए हैं तथा गिट्टियां सड़क पर बिखर गई हैं। इससे दोपहिया और चारपहिया वाहनों का गुजरना बेहद मुश्किल हो गया। वहीं बार-बार और लंबे समय तक फाटक बंद रहने के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

इस अति व्यस्त मार्ग से बिहार प्रांत को जोड़ने वाली सड़क पर जाम की स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि मरीजों को अस्पताल पहुंचाने वाली एंबुलेंस, स्कूली बच्चों के वाहन और दैनिक जरूरतों से जुड़े लोग घंटों फंसे रहे। कई वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्ग न होने के कारण मजबूरी में जाम में ही इंतजार करना पड़ा।

स्थानीय लोगों का कहना है कि तीन दिनों से लगातार ट्रैक मरम्मत का कार्य चल रहा है, लेकिन रेलवे प्रशासन की ओर से न तो यातायात के सुचारु संचालन की कोई ठोस व्यवस्था की गई है और न ही पूर्व सूचना या वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था की गई। इससे आमजन में काफी नाराजगी देखी जा रही है।

व्यापारियों और ग्रामीणों ने बताया कि इस मार्ग से रोजाना सैकड़ों वाहन गुजरते हैं। लगातार जाम के कारण न सिर्फ समय की बर्बादी हो रही है, बल्कि व्यापार और आपात सेवाएं भी प्रभावित हो रही हैं। लोगों ने रेलवे प्रशासन से मरम्मत कार्य को शीघ्र पूरा करने तथा क्रॉसिंग पर सड़क को समतल कर यातायात बहाल करने की मांग की है।

स्थानीय प्रशासन से भी जाम की समस्या को देखते हुए मौके पर प्रशासन की तैनाती और वैकल्पिक व्यवस्था करने की अपील की गई है, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।

0
Uttar Pradesh Legislative Assembly Election 2027

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव - 2027 में किसकी सरकार बनेगी?

Don't try, this is illigal.