भदौरा:पुनः हुआ पंजाब मेल का ठहराव,रेल यात्री कल्याण समिति के पदाधिकारियों ने लोको पायलट को माला पहनाकर किया स्वागत

सेवराई ।पंडित दीनदयाल उपाध्याय दानापुर रेल खण्ड 
के भदौरा रेलवे स्टेशन पर कोरोना काल के दौरान बंद हुई ट्रेन नंबर 13006 हावड़ा अमृतसर मेल (पंजाब मेल) का ठहराव गुरुवार को फिर से शुरू हो गया। लंबे इंतजार के बाद ट्रेन के ठहराव से स्थानीय लोगों में खुशी का माहौल है।
रेल यात्री कल्याण समिति के ओमप्रकाश सिंह टेटा और संजीव सिंह ने अन्य पदाधिकारियों के साथ भदौरा रेलवे स्टेशन पहुंचकर पंजाब मेल के लोको पायलट का माल्यार्पण कर स्वागत किया। उन्होंने मिठाई खिलाकर इस ऐतिहासिक पल के लिए धन्यवाद भी दिया।
कोरोना काल के दौरान भदौरा रेलवे स्टेशन पर रुकने वाली पंजाब मेल, फरक्का एक्सप्रेस और पटना कोटा एक्सप्रेस ट्रेनों का संचालन बंद कर दिया गया था। कोरोना काल खत्म होने के बावजूद भी इन ट्रेनों का ठहराव बहाल नहीं किया गया था।
स्थानीय लोगों और विभिन्न संगठनों द्वारा लगातार रेल प्रशासन से ट्रेनों के पुनः ठहराव की मांग की जा रही थी। रेलयात्री कल्याण समिति के प्रतिनिधि मंडल ने डीआरएम से मुलाकात कर ट्रेन ठहराव की मांग पत्रक के माध्यम से रखी थी।
रेलवे द्वारा जारी पत्र के अनुसार, रेल मंत्रालय ने भदौरा रेलवे स्टेशन पर पंजाब मेल के ठहराव की सूचना दी थी। यह ट्रेन अब अप लाइन में सुबह 5:45 बजे और डाउन लाइन में शाम 7 बजे भदौरा स्टेशन पर रुकेगी। गुरुवार को ट्रेन 50 मिनट की देरी से 6:35 बजे भदौरा रेलवे स्टेशन पर पहुंची। लोगों ने जय मां कामाख्या के जयघोष के साथ इस पल का स्वागत किया।
व्यापारिक संगठन ने भी ट्रेन के लोको पायलट का माल्यार्पण किया और मिठाई खिलाकर धन्यवाद दिया। इस अवसर पर संजीव सिंह, ओमप्रकाश सिंह टेटा, रजनीकांत सिंह, मुकेश, सोनू खरवार, धर्मेंद्र पांडेय, मोनू सिंह, अविनाश श्रीवास्तव, नागेंद्र गुप्ता, धर्मदेव कुशवाहा, मिथिलेश चौरसिया, सोहन लाल वर्मा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद थे।


