फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया व्यापार मंडल का एक प्रतिनिधिमंडल ने दानापुर रेल मंडल प्रबंधक को संबोधित स्टेशन मास्टर को ज्ञापन सौंपा

दिलदारनगर (गाजीपुर)। फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया व्यापार मंडल ने रेलवे प्रशासन को एक महत्वपूर्ण मांग पत्र सौंपा है, जिसमें होली और ईद जैसे प्रमुख त्योहारों के दौरान चलाई जा रही स्पेशल ट्रेनों का ठहराव दिलदारनगर रेलवे स्टेशन पर करने की मांग की गई है।
जिला उपाध्यक्ष दिनेश अकेला के नेतृत्व में व्यापारियों का एक प्रतिनिधिमंडल ने दानापुर रेल मंडल प्रबंधक को संबोधित ज्ञापन दिलदारनगर स्टेशन प्रबंधक दीपक गुप्ता के माध्यम से सौंपा। प्रतिनिधिमंडल में अजय कुमार सैनी, अनिल जायसवाल, आकाश गुप्ता सहित अन्य प्रमुख व्यापारी मौजूद रहे।
ज्ञापन में बताया गया कि रेल मंत्रालय द्वारा होली के अवसर पर स्पेशल ट्रेनें संचालित की जा रही हैं, लेकिन इनमें से किसी भी ट्रेन का ठहराव दिलदारनगर स्टेशन पर नहीं दिया जा रहा है। यह स्टेशन अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत चयनित है, जहां वर्तमान में 21.16 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक भवन निर्माणाधीन है और अप्रैल 2026 तक इसका कार्य पूरा होने की उम्मीद है। यहां से प्रतिदिन हजारों यात्री, व्यापारी और आम जनता यात्रा करते हैं, फिर भी स्टेशन की लगातार उपेक्षा हो रही है।
व्यापारियों ने बताया कि इससे पहले भी रेल मंडल प्रबंधक के दिलदारनगर दौरे के दौरान इसी तरह का ज्ञापन दिया गया था, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। फेडरेशन के जिला उपाध्यक्ष दिनेश अकेला ने जनहित में होली स्पेशल ट्रेनों के अलावा पूर्व में मांगी गई अन्य प्रमुख ट्रेनों का भी ठहराव दिलदारनगर पर सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि रेलवे की इस उपेक्षा से क्षेत्रवासियों, व्यापारियों और यात्रियों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
व्यापारी मंडल ने रेल प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की अपील की है ताकि त्योहारों के दौरान यात्रियों को असुविधा न हो और अमृत भारत स्टेशन योजना के अनुरूप इस स्टेशन को उचित महत्व मिले।


