दादा फतेह खान जूनियर फुटबॉल प्रतियोगिता में भक्सी ने गोड़सरा को हराकर जीता ट्रॉफी
दादा फतेह खान जूनियर फुटबॉल प्रतियोगिता में भक्सी ने गोड़सरा को हराकर जीता ट्रॉफी सेवराई। तहसील क्षेत्र के ग्राम गोड़सरा में आयोजित डे-एंड-नाइट दादा फतेह खान जूनियर अंडर-15 फुटबॉल प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। निर्धारित समय तक दोनों टीमों के बीच कोई गोल नहीं हो सका, जिसके बाद पेनाल्टी शूटआउट में भक्सी की टीम ने मेजबान गोड़सरा को पराजित कर खिताब अपने नाम कर लिया।फाइनल मैच का शुभारंभ मुख्य अतिथि समाजसेवी मिसबाहुद्दीन खान उर्फ मोनू ने फीता काटकर किया। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया।मैच के पहले हाफ में दोनों टीमों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया, लेकिन कोई भी टीम गोल करने में सफल नहीं हो सकी। दूसरे हाफ में भी दोनों पक्षों ने आक्रामक रणनीति अपनाई, फिर भी स्कोर 0-0 की बराबरी पर रहा। इसके बाद मैच का फैसला पेनाल्टी शूटआउट से किया गया।पेनाल्टी शूटआउट के पहले चरण में दोनों टीमों ने एक-एक गोल कर बराबरी बनाए रखी। बाद में रेफरी द्वारा दो-दो अतिरिक्त पेनाल्टी कराई गई, जिसमें भक्सी की टीम ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए निर्णायक गोल दागा और ट्रॉफी पर कब्जा जमा लिया।मुख्य अतिथि मिसबाहुद्दीन खान उर्फ मोनू ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को बधाई देते हुए कहा कि खेल आपसी भाईचारे और अनुशासन की भावना को मजबूत करता है। उन्होंने खिलाड़ियों से हार-जीत से ऊपर उठकर खेल भावना के साथ खेलने का आह्वान किया।मैच में निर्णायक की भूमिका मंटू खान ने निभाई। प्रतियोगिता के सफल आयोजन पर आयोजक समिति के बच्चों ने सभी खिलाड़ियों, अतिथियों एवं दर्शकों का आभार व्यक्त किया।इस अवसर पर इबरार खान, जुनेद खान, अमजद खान, रोशन खान, समीर खान, आरिफ खान, दानिश खान, मोनू खान, सैफ खान, रियाज खान, कैफ खान सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे। प्रतियोगिता में भाग लेने वाली सभी टीमों और आयोजकों को क्षेत्रवासियों ने बधाई देते हुए इसे युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करने वाली सराहनीय पहल बताया।






