तालाब में डूबने से युवक की संदिग्ध मौत, गांव में शोक
सेवराई। स्थानीय महेसरा तालाब में मंगलवार देर रात युवक पंकज सिंह (35) की संदिग्ध हालात में डूबने से मौत हो गई। रातभर तलाश के बाद भी शव नहीं मिला। बुधवार सुबह गांव के विजय राजभर ने तालाब में उतरकर शव को बाहर निकाला। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के मुताबिक, सेवराई गांव के रहने वाले पंकज सिंह मंगलवार रात अपने एक दोस्त को दिलदारनगर रेलवे स्टेशन छोड़कर लौटे थे। बिजली नहीं होने की वजह से वह गर्मी से बचने के लिए तालाब की दीवार पर बैठ गए। इसी दौरान गांव के संजय सिंह ने तालाब किनारे पंकज की बाइक देखी और उन्हें पानी में डूबते हुए देख लिया। उन्होंने शोर भी मचाया, लेकिन तब तक पंकज गहरे पानी में जा चुके थे।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। ग्रामीणों ने रातभर तलाश की, लेकिन कुछ पता नहीं चला। बुधवार सुबह विजय राजभर ने काफी मशक्कत के बाद शव बाहर निकाला। शव बाहर आते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में मातम छा गया।
घटना की खबर मिलते ही क्षेत्रीय विधायक ओमप्रकाश सिंह भी मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया। थाना प्रभारी निरीक्षक नंदकुमार तिवारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो सकेगी।


