Latest News

जाति प्रमाण पत्र न बनने पर गोंड महासभा का आक्रोश, एसडीएम से की शिकायत

 

सेवराई (गाजीपुर)। तहसील क्षेत्र में अनुसूचित जनजाति के जाति प्रमाण पत्र निर्गत न किए जाने से नाराज अखिल भारतवर्षीय गोंड महासभा के सदस्यों ने एसडीएम सेवराई संजय यादव से मुलाकात कर अपनी समस्या रखी और ज्ञापन सौंपा।

सदस्यों ने एसडीएम को दिए पत्रक में बताया कि गोंड जाति के लोगों को अनुसूचित जनजाति का जाति प्रमाण पत्र जारी न होने के कारण युवाओं को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि जनपद मुख्यालय स्थित राइफल क्लब में मुख्य राजस्व अधिकारी की अध्यक्षता में सभी तहसीलदारों की उपस्थिति में इस विषय पर बैठक भी हो चुकी है, जिसमें आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद न तो तहसील स्तर पर निर्देशों का पालन हो रहा है और न ही क्षेत्रीय लेखपाल इस दिशा में सक्रियता दिखा रहे हैं।

गोंड महासभा के पदाधिकारियों ने बताया कि जाति प्रमाण पत्र न बनने के कारण समुदाय के छात्र-छात्राएं शिक्षा के अवसरों से वंचित हो रहे हैं, वहीं युवा नौकरी के अवसर भी गंवा रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि गोंड समुदाय के पात्र लोगों का तत्काल अनुसूचित जनजाति का प्रमाण पत्र जारी कराया जाए। साथ ही चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो संगठन आंदोलन के लिए बाध्य होगा।

इस संबंध में एसडीएम संजय यादव ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त करते हुए कहा कि प्रकरण की जांच कराते हुए हर संभव न्यायोचित कार्रवाई की जाएगी।

इस दौरान बब्बन गोंड, भुआल गोंड, राजेश गोंड, काजू गोंड, सियाराम गोंड, भानु प्रताप गोंड, रमेश गोंड सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Don't try, this is illigal.