ग्रामीणों का 33 हजार वोल्ट हाई वोल्टेज केबल पर जमकर विरोध, भूमिगत बिछाने की मांग

सेवराई (गाजीपुर): क्षेत्र के देवकली (घोसवल मौजा) गांव में 33 हजार वोल्ट की विद्युत केबल को पोल के सहारे ऊपर से ले जाने के खिलाफ ग्रामीणों ने एकजुट होकर विरोध प्रदर्शन किया है। ग्रामीणों ने उपजिलाधिकारी (एसडीएम) सेवराई को ज्ञापन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों के अनुसार, करहिया पावर हाउस से भदौरा पावर हाउस तक राष्ट्रीय राजमार्ग-124सी के किनारे होकर जाने वाली इस 33 केवी विद्युत लाइन को देवकली गांव के घनी आबादी वाले इलाके से गुजारा जा रहा है। ठेकेदार और संबंधित अधिकारियों की मिलीभगत से केबल को महंगे और सुरक्षित तरीके से भूमिगत बिछाने के बजाय सस्ते विकल्प के रूप में पोलों के ऊपर से ले जाया जा रहा है, जिससे स्थानीय लोगों की जान-माल को गंभीर खतरा पैदा हो गया है।
ग्रामीणों ने बताया कि विवादित खंड की लंबाई मात्र 500 मीटर है, जिसे आसानी से भूमिगत केबल के रूप में बिछाया जा सकता है। उन्होंने कहा, “घनी आबादी वाले इलाके में हाई वोल्टेज की ओपन लाइन से बच्चों, महिलाओं और आम नागरिकों की सुरक्षा को खतरा है। बिजली का तार गिरने, शॉर्ट सर्किट या किसी अन्य दुर्घटना की आशंका बनी रहेगी।”
एसडीएम सेवराई को सौंपे गए ज्ञापन में ग्रामीणों ने जनहित और जन सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए संबंधित विद्युत विभाग को तुरंत निर्देश देने की मांग की है कि उक्त खंड में केबल को अनिवार्य रूप से भूमिगत बिछाया जाए।
ग्रामीणों में इस मुद्दे को लेकर काफी आक्रोश व्याप्त है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही उनकी मांग पूरी नहीं की गई तो वे बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

Don't try, this is illigal.