कोहरे के साथ ही मौसम में गलन और ठिठुरन बढ़ी,इससे निपटने के इंतजाम नाकाफी

सेवराई ।तहसील क्षेत्र में ज्यादातर स्थानों पर अलाव नहीं जलवाए जा सके हैं। कुछ स्थानों पर जो जलवाए भी गए हैं, वह भी एक दो घंटे के बाद ठंडे पड़ जाते हैं। इससे लोग बस स्टॉप और चौराहों पर ठिठुरने को विवश हैं। कुछ स्थानों पर लोग आपसी सहयोग से अलाव जलवाकर ठंड से निजात पाने का प्रयास करते दिखे। सेवराई तहसील के स्थानीय गांव में अब तक अलाव की कोई व्यवस्था नहीं की गई है। कस्बे में बस स्टैंड के पास अलाव नहीं जलता मिला, जिससे सन्नाटा नजर आया।
भदौरा बस स्टॉप, मुख्य चौराहे पर ही अलाव जलवाए हैं। कई सार्वजनिक चौराहे पर अभी तक अलावा नहीं जल पाए हैं। सेवराई तहसील और बस स्टैंड के पास ही अलाव जलवाए गए हैं, लेकिन गांव के कई सार्वजनिक जगह और भीड़ भाड़ इलाको में अलाव जलता नहीं मिला। लोगों ने बताया कि इस भीषण ठंड और चित्रण के बावजूद तहसील प्रशासन के द्वारा अलाव की कोई व्यवस्था नहीं की गई है। तहसील प्रशासन महज कुछ जगहों पर अलाव जला कर अपने कार्यों की इति श्री कर ले रहा है जबकि प्रशासनिक स्तर पर ठंड से बचाव एवं ठिठुरन से बचने के लिए अलाव जलाने के लिए अलग मद से पैसा भी आता है।
इस संबंध में एसडीएम संजय यादव ने बताया की चिन्हित स्थानो पर राजस्व कर्मियों के द्वारा अलाव जलाए गए हैं अगर कहीं आवश्यकता है तो संबंधित लेखपालों को निर्देशित कर उक्त स्थान पर अलाव जलवाये जाएंगे।

