Kushinagar News: मानसिक रूप से परेशान ग्रामीण का शव पेड़ से लटका मिला
कुशीनगर: उत्तर प्रदेश के हनुमानगंज थाना क्षेत्र स्थित बोधीछपरा गांव में शनिवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब एक ग्रामीण का शव विजय सिंह के खेत में पेड़ से लटका मिला। मृतक की पहचान गांव निवासी मोतीलाल साहनी (55 वर्ष) पुत्र गुलजार साहनी के रूप में हुई है।
यह घटना सुबह करीब 8 बजे की है। खेत में कार्यरत मजदूरों ने जब शव को पेड़ से लटका देखा तो तुरंत शोर मचाया। खेत की दूरी थाने से केवल 100 मीटर होने के कारण पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतारा। शव की पहचान के बाद पंचनामा की कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
यह भी पढ़ें: Kushinagar News: बारिश न होने से धान की फसल पर संकट, किसान चिंतित
परिजनों ने बताया— मानसिक रूप से थे परेशान
परिजनों के अनुसार, मोतीलाल साहनी पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से अस्वस्थ थे और अक्सर अकेले रहते थे। वे प्रतिदिन सुबह अपने भाई के घर चाय पीने जाया करते थे, लेकिन शनिवार को नहीं पहुंचे तो परिजनों ने उनकी खोज शुरू की।
इसी दौरान खेत में शव मिलने की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों का कहना है कि मानसिक रूप से अस्वस्थ लोगों के लिए प्राथमिक स्तर पर परामर्श और इलाज की सुविधाएं होनी चाहिए, ताकि ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
थाना प्रभारी मनीष पांडेय ने बताया, “शव थाने के ठीक पीछे विजय सिंह के खेत में सदवान के पेड़ से लटका मिला है। प्रथम दृष्टया यह आत्महत्या प्रतीत हो रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और मामले की जांच जारी है।”
