हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजा सेवराई, प्रथम सावन सोमवार पर शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब



सेवराई (गाजीपुर)। पवित्र श्रावण मास के प्रथम सोमवार को सेवराई तहसील क्षेत्र शिवभक्ति के रंग में पूरी तरह सराबोर नजर आया। सुबह की पहली किरण के साथ ही गांव-गांव में “हर-हर महादेव”, “बोल बम” और “भोलेनाथ की जय” के जयघोष गूंजने लगे। श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह से पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में डूब गया।
भोर होते ही नरवा गंगा घाट पर श्रद्धालुओं का तांता लग गया। दूर-दराज के गांवों से पहुंचे शिवभक्तों ने पवित्र गंगा में आस्था की डुबकी लगाई और विधि-विधान से गंगाजल भरकर भगवान शिव के जलाभिषेक के लिए विभिन्न शिवालयों की ओर रवाना हुए। केसरिया वस्त्र धारण किए कांवड़ियों और शिवभक्तों के “बोल बम” के उद्घोष से पूरा मार्ग शिवमय हो उठा।
क्षेत्र के अति प्राचीन बुढ़वा महादेव मंदिर में सुबह से ही जलाभिषेक का सिलसिला शुरू हो गया, जो देर शाम तक जारी रहा। श्रद्धालुओं ने गंगाजल, बेलपत्र, धतूरा, भांग, पुष्प एवं अन्य पूजन सामग्री अर्पित कर भगवान भोलेनाथ का रुद्राभिषेक किया तथा परिवार की सुख-समृद्धि, स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की। मंदिर परिसर में भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं।
वहीं मनिहर वन स्थित प्रसिद्ध मन भद्र बाबा मंदिर में भी भोर से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों ने पूरे श्रद्धाभाव से भगवान शिव की पूजा-अर्चना कर मनोकामनाएं मांगीं। मंदिर परिसर में धार्मिक अनुष्ठानों और शिव भजनों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
प्रथम सावन सोमवार के अवसर पर बारा, पचौरी, खुदरा, गदाईपुर, करहिया, सायर, रायसेनपुर, मनिया, भतौरा सहित क्षेत्र के अनेक गांवों के छोटे-बड़े शिवालयों में भी श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया। दिनभर मंदिरों में दर्शन-पूजन का क्रम चलता रहा और शिवभक्तों की भीड़ उमड़ती रही।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क रहा। नरवा गंगा घाट सहित प्रमुख शिवालयों पर पुलिस बल की तैनाती की गई थी। पुलिसकर्मी लगातार भीड़ को व्यवस्थित कर श्रद्धालुओं को सुगमता से दर्शन कराने में जुटे रहे। सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक निगरानी के चलते पूरे दिन धार्मिक आयोजन शांतिपूर्ण एवं श्रद्धापूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।