ग़हमर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: गौवध के लिए ले जा रहे तीन गोवंशों के साथ दो तस्करों को दबोचा,

सेवराई (गाजीपुर)। गहमर थाना पुलिस ने गौवध एवं गौतस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। मुखबिर की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीन गोवंशों को बिहार ले जा रहे दो तस्करों को रंगे हाथों दबोच लिया। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक गाजीपुर के निर्देशन में चल रहे अभियान के क्रम में गहमर थाना प्रभारी प्रमोद कुमार सिंह के नेतृत्व में बारा पुलिस चौकी प्रभारी उ0नि0 राकेश कुमार शर्मा सहित टीम गश्त पर थी। 17 अप्रैल 2026 की रात करीब 1:20 बजे कुतुबपुर मोड़ के पास एक पिकअप वैन को रोककर तलाशी ली गई। वैन में तीन गोवंशों को गौवध के लिए बिहार ले जा रहे दो युवकों को पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सतेन्द्र यादव (28 वर्ष), पुत्र शिवबदन यादव, निवासी बहोरिक राय पट्टी, रेवतीपुर, थाना रेवतीपुर, जिला गाजीपुर तथा रवि प्रजापति (20 वर्ष), पुत्र बबलू प्रजापति, निवासी गहमर चकवा, थाना गहमर, जिला गाजीपुर के रूप में हुई है।
पूछताछ में दोनों ने गौवंशों को गौवध के लिए बिहार ले जा रहे होने की बात स्वीकारी।
इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक ग़हमर प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि तीन गोवंश के साथ दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। जिनके विरुद्ध भारतीय दंड संहिता की धारा 3/5A/5B/8 तथा गौवध निषेध अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आगे विधिक कार्यवाही की जा रही है।
गिरफ्तार करने वाली इस टीम में उ0नि0 राकेश कुमार शर्मा (चौकी प्रभारी बारा), कां. संजय मिश्रा, कां. शुभम, हे0 कां. संजय सिंह शामिल रहे।
यह कार्रवाई स्थानीय स्तर पर सराहनीय मानी जा रही है, क्योंकि गौवध तस्करी को लेकर जनता में लगातार आक्रोश व्याप्त है। गहमर पुलिस की इस त्वरित और प्रभावी कार्रवाई ने एक बार फिर कानून व्यवस्था को मजबूत करने का संदेश दिया है।


