सेवराई में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया होली का पर्व




सेवराई। तहसील क्षेत्र के विभिन्न गांवों में रंगों का पावन पर्व होली बड़े ही धूमधाम, उत्साह और पारंपरिक उल्लास के साथ मनाया गया। सुबह से ही गांवों की गलियों में बच्चों की टोलियां निकल पड़ीं और एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं।
होली के अवसर पर युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। कई स्थानों पर पारंपरिक अंदाज में ‘कुर्ता फाड़ होली’ भी खेली गई, जिसमें हंसी-ठिठोली और उमंग का अनोखा संगम देखने को मिला। पूरे क्षेत्र में आपसी भाईचारा और सौहार्द का वातावरण बना रहा।
ग्रामीणों ने एक-दूसरे के घर जाकर अबीर-गुलाल लगाया और गले मिलकर बधाई दी। ढोल-मजीरे की थाप पर पारंपरिक होली गीतों की प्रस्तुति से माहौल पूरी तरह रंगमय हो उठा। महिलाएं भी होली गीत गाकर उत्सव में सहभागी बनीं।
त्योहार को लेकर बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों में समान उत्साह देखा गया। हर ओर रंगों की बौछार और खुशियों की गूंज सुनाई दी। होली के इस पर्व ने क्षेत्र में प्रेम, सद्भाव और एकता का संदेश दिया।


