ताजपुर कुर्रा की टीम ने फुटबॉल प्रतियोगिता के फाइनल मैच का जीता खिताब



सेवराई।तहसील क्षेत्र के उतरौली गांव के नेहरू स्पोर्टिंग क्लब के तत्वाधान में रविवार देर शाम आयोजित फुटबॉल प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला रोमांच और उत्साह के बीच संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जमानिया के वर्तमान विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश सिंह रहे।
मुख्य अतिथि ने फीता काटकर फाइनल मैच का उद्घाटन किया तथा खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को खेल को खेल भावना से खेलना चाहिए, क्योंकि हार और जीत खेल का अभिन्न हिस्सा हैं। उन्होंने दोनों टीमों के खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
फाइनल मुकाबला महेंद बनाम कुरा के बीच खेला गया। निर्धारित समय तक दोनों टीमों ने शानदार प्रदर्शन किया, लेकिन कोई भी टीम गोल करने में सफल नहीं हो सकी। मैच की रोमांचक स्थिति को देखते हुए कमेटी ने ट्राई ब्रेकर से निर्णय लेने का फैसला किया। ट्राई ब्रेकर में कुरा की टीम ने एक गोल से बढ़त बनाकर खिताब अपने नाम कर लिया, जबकि महेंद की टीम को हार का सामना करना पड़ा।
समापन अवसर पर मुख्य अतिथि ओमप्रकाश सिंह ने विजेता और उपविजेता टीमों को शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया और आयोजन समिति को सफल आयोजन के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार कुरा टीम के खिलाड़ी विजय पाल को दिया गया।
इस अवसर पर तुफानी पाण्डेय, जितेन्द्र पाण्डेय, साबिर अंसारी, अंगद सिंह, भगवान यादव, नंदे सिंह, उमाशंकर सिंह, उमेश सिंह, विजय बहादुर सिंह, राजनरायन सिंह, प्रेम शंकर सिंह, जन्नत हुसैन, अनिल सिंह एवं युवा समाजसेवी चंदन सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


