भदौरा ब्लॉक पर ग्राम पंचायत सचिवों ने बांधा काला पट्टी, ऑनलाइन हाजिरी व गैर-विभागीय कार्यों के खिलाफ शांतिपूर्ण सत्याग्रह

सेवराई। (गाजीपुर) तहसील क्षेत्र के विकास खंड भदौरा में सोमवार को ग्राम पंचायत अधिकारी/ग्राम विकास अधिकारी समन्वय समिति के बैनर तले दर्जनों ग्राम पंचायत सचिवों एवं ग्राम विकास अधिकारियों ने ब्लॉक मुख्यालय पर काली पट्टी बांधकर शांतिपूर्ण सत्याग्रह किया। अधिकारियों का कहना है कि एक सचिव के पास 4-5 ग्राम पंचायतें होने के बावजूद हर पंचायत में सुबह 10 बजे ऑनलाइन हाजिरी (FRS) देना नामुमकिन है, साथ ही कृषि, राजस्व और अब BLO जैसे गैर-विभागीय कार्य थोपे जा रहे हैं।
आंदोलनकारियों ने बताया कि एक सचिव एक समय में केवल एक ही ग्राम पंचायत में ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करा सकता है, जबकि उसके पास 3-4 क्लस्टर में 4-5 पचायतें होती हैं। सुबह 10 बजे सभी जगह एक साथ हाजिरी देना तकनीकी और व्यावहारिक रूप से असंभव है। इसके अलावा पंचायत के मूल कार्यों के साथ-साथ अन्य विभागों के कार्य कराने से सचिवों पर अत्यधिक कार्यभार बढ़ गया है। हाल ही में BLO (बूथ लेवल ऑफिसर) का दायित्व भी सौंपा जा रहा है, जिसका पुरजोर विरोध किया जा रहा है।
सचिवों ने चेतावनी दी कि यदि ऑनलाइन हाजिरी व गैर-विभागीय कार्यों संबंधी शासनादेश वापस नहीं लिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। आने वाले दिनों में पेन डाउन हड़ताल कर पूरे विभागीय कार्य ठप कर दिए जाएंगे।
ब्लॉक मुख्यालय पर हुआ यह सत्याग्रह पूरी तरह शांतिपूर्ण रहा और कोई अप्रिय घटना नहीं हुई।
इस मौके पर पवन सिंह, समीर राय, नितेश कुमार, जोखन कुशवाहा, राजीव शर्मा, आलोक पांडेय, सौरभ मिश्रा सहित क्षेत्र के दर्जनों ग्राम पंचायत सचिव एवं ग्राम विकास अधिकारी मौजूद रहे।


