आबादी क्षेत्र में शराब की दुकान खोलने को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश

सेवराई। तहसील सेवराई अंतर्गत ग्राम सभा सेवराई में प्रस्तावित सरकारी अंग्रेजी शराब की दुकान को लेकर क्षेत्र में भारी विरोध देखने को मिल रहा है। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि दुकान जिस स्थान पर खोली जा रही है, वह बेहद संवेदनशील क्षेत्र में आता है, जहां आसपास शैक्षणिक संस्थान, स्वास्थ्य केंद्र और धार्मिक स्थल स्थित हैं।
ग्रामीणों के अनुसार, प्रस्तावित शराब दुकान से लगभग 50 मीटर की दूरी पर प्राथमिक विद्यालय सतरामगंज बाजार, 200 मीटर के भीतर कम्पोजिट विद्यालय सेवराई और करीब 225 मीटर की दूरी पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भदौरा स्थित है। इसके अलावा 200 मीटर के दायरे में करीब 200 वर्ष पुराना प्राचीन शिव मंदिर, हाल ही में स्थापित भव्य साई मंदिर और शनि देव की प्रतिमा भी मौजूद है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु, महिलाएं और बच्चे दर्शन के लिए पहुंचते हैं।
स्थानीय लोगों का यह भी कहना है कि इस मार्ग से लगभग 25 गांवों का आवागमन होता है। प्रतिदिन सैकड़ों की संख्या में छात्राएं और महिलाएं कोचिंग, सिलाई, कंप्यूटर शिक्षा और मेडिकल की तैयारी के लिए इसी रास्ते से गुजरती हैं। साथ ही, कम्पोजिट विद्यालय का विस्तृत मैदान सुबह-शाम टहलने और खेलकूद के लिए उपयोग में लाया जाता है।
ग्रामीणों का आरोप है कि इस स्थान पर शराब की दुकान खुलने से सामाजिक माहौल बिगड़ सकता है और महिलाओं व बच्चों की सुरक्षा पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा। साथ ही, इससे धार्मिक आस्था को भी ठेस पहुंचने की आशंका जताई जा रही है।
इस संबंध में ग्रामीणों ने उपजिलाधिकारी सेवराई को ज्ञापन सौंपकर मांग की है कि राजस्व टीम से मामले की जांच कराई जाए और शराब की दुकान को वर्तमान स्थान के बजाय लिंक रोड पर स्थापित किया जाए।
ग्रामीणों ने स्पष्ट किया है कि वे सरकार की नीतियों के खिलाफ नहीं हैं, बल्कि केवल स्थान को लेकर आपत्ति जता रहे हैं। अब देखना होगा कि प्रशासन इस संवेदनशील मामले में क्या कदम उठाता है।
इस मौके पर किसान नेता भानु प्रताप सिंह, कंचन सिंह, पंकज सिंह, रजनीकांत सिंह, संदीप सिंह, सतीश सिंह, पंकज यादव, आशुतोष सिंह, समीर सिंह, विनोद कुमार सिंह, दिनेश सिंह, बलवंत सिंह, विक्की सिंह, अरुण गांधी आदि लोग मौजूद रहे।