कुशीनगर: कुशीनगर के युवक की गंगासागर में समुद्र स्नान के दौरान डूबने से मौत, गांव में छाया शोक
Kushinagar: A youth from Kushinagar died due to drowning while bathing in the sea in Gangasagar, mourning in the village
चौराखास, कुशीनगर: कुशीनगर के फाजिलनगर विकासखंड अंतर्गत ग्राम चौराखास निवासी संदीप गौड़ (24), पुत्र केदार, की पश्चिम बंगाल के प्रसिद्ध तीर्थ स्थल गंगासागर में समुद्र स्नान के दौरान डूबने से दुखद मृत्यु हो गई। जानकारी के अनुसार, संदीप अपने परिवार के साथ बाबा बैजनाथ धाम के दर्शन के लिए गए थे। 22 जुलाई को बैजनाथ धाम दर्शन के बाद सभी लोग पश्चिम बंगाल के गंगासागर पहुंचे।
24 जुलाई को गंगासागर में समुद्र स्नान के दौरान तेज ज्वार-भाटा के चलते संदीप पानी में बह गए। परिवारजन के सामने ही यह हादसा हुआ। घटना के बाद काफी तलाश के बावजूद उसी समय संदीप नहीं मिले। अगले दिन उनका शव समुद्र किनारे बरामद हुआ।
गंगासागर पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर कानूनी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की सूचना टेलीफोन के माध्यम से चौराखास पुलिस को भी दी गई। पुलिस के संदीप की मौत की सूचना देते ही पूरे गांव में शोक छा गया। संदीप की पत्नी निशा का रो-रोकर बुरा हाल है।
Read more: कुशीनगर: खाद्य सुरक्षा प्रशिक्षण के बाद व्यापारियों को बांटे गए प्रमाण पत्र, बिना प्रशिक्षण अब नहीं मिलेगा लाइसेंस
संदीप अपने परिवार की जीविका के लिए चौराखास बाजार में ठेला चलाते थे। उनकी मौत की खबर मिलते ही व्यापार मंडल अध्यक्ष विकास पाण्डेय समेत सभी पदाधिकारियों ने मौन रखकर शोक संवेदना व्यक्त की। चौराखास एसो अजय कुमार पटेल ने बताया कि गंगासागर पुलिस से संपर्क कर आवश्यक दस्तावेज भेज दिए गए हैं। पोस्टमार्टम प्रक्रिया के बाद पुलिस शव परिजनों को सौंपेगी, जिससे अंतिम यात्रा की तैयारियां हो सकें।
यह घटना जहां गहरा शोक और संवेदना लेकर आई है वहीं क्षेत्र के लिए भी एक चेतावनी है कि समुद्र या नदी में स्नान के दौरान सावधानी बरती जाए।


