सार्वजनिक स्थानों पर लगे हैंड पम्प खराब, पेयजल का संकट,मरम्मत की मांग

सेवराई। बढ़ते तापमान के साथ पेयजल संकट गहरा गया है। तहसील मुख्यालय में कई सार्वजनिक स्थानों पर लगे हैंडपंप खराब हो चुके हैं। इससे स्थानीय लोगों और बाजार में आने वाले राहगीरों को पीने के पानी के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
तहसील परिसर, वार्ड नंबर 13, 14 और बाजार के प्रमुख स्थानों पर किए गए सर्वेक्षण में दर्जनों हैंडपंप खराब मिले हैं। स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि पानी की कमी से उनका काम-काज प्रभावित हो रहा है। कुछ हैंडपंप से गंदा पानी आ रहा है, जो स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है।
स्थानीय निवासियों ने जिलाधिकारी और तहसील प्रशासन से खराब हैंडपंप की तत्काल मरम्मत की मांग की है। लोगों का आरोप है कि शिकायतों के बावजूद प्रशासन की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। पेयजल की समस्या से निपटने के लिए लोगों को दूर-दूर तक भटकना पड़ रहा है।


