Latest News

सेवराई क्षेत्र में धड़ल्ले से अवैध मिट्टी खनन, प्रशासन मौन- ग्रामीणों में आक्रोश

सेवराई। तहसील क्षेत्र के गहमर कोतवाली अंतर्गत विभिन्न ग्राम पंचायतों में शासन की रोक और मनाही के बावजूद अवैध मिट्टी खनन का खेल धड़ल्ले से जारी है। हैरानी की बात यह है कि शिकायतों के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रहे हैं, जिससे खनन माफियाओं के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं।

स्थानीय लोगों के अनुसार नेशनल हाईवे 124सी से होते हुए बसूका-भदौरा नहर मार्ग पर रोजाना दर्जनों ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के जरिए बेखौफ मिट्टी की ढुलाई की जा रही है। अवैध रूप से निकाली गई मिट्टी को बाजारों में ऊंचे दामों पर बेचा जा रहा है। जब इस संबंध में तहसील प्रशासन से शिकायत की जाती है, तो केवल कार्रवाई का आश्वासन देकर मामला ठंडे बस्ते में डाल दिया जाता है।

ग्रामीणों का आरोप है कि ट्रैक्टर चालकों पर कोई अंकुश नहीं है। अधिकांश चालक नाबालिग हैं, जो तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हैं, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। हाल ही में हमीद सेतु पर हुई घटनाएं इसका उदाहरण हैं, जहां लापरवाही से वाहन चलाने के कारण एक ट्रेलर पिकअप को टक्कर मारते हुए गंगा में गिर गया था, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई थी। वहीं एक ट्रैक्टर भी रेलिंग तोड़कर गंगा में समा गया था, जिसमें चालक की जान चली गई थी।

इन घटनाओं के बावजूद प्रशासन द्वारा न तो अवैध खनन पर रोक लगाई जा रही है और न ही लापरवाह वाहन चालकों के खिलाफ कोई सख्त कार्रवाई की जा रही है, जिससे स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है। लोगों ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

इस संबंध में एसडीएम संजय यादव ने बताया कि अवैध मिट्टी खनन के मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Don't try, this is illigal.