Latest News

एक हफ्ते में ही दम तोड़ गया लाखों का ओपन जिम, निर्माण गुणवत्ता पर उठे सवाल

सेवराई। तहसील क्षेत्र के अंतर्गत सेवराई गांव में क्षेत्र पंचायत द्वारा लाखों रुपये की लागत से स्थापित किया गया ओपन जिम महज एक सप्ताह के भीतर ही क्षतिग्रस्त हो गया। जिम की इस बदहाल स्थिति ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता और कार्यदाई संस्था की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

जानकारी के अनुसार, भदौरा विकासखंड की कार्यदाई संस्था द्वारा परेमन शाह पोखरा के पास स्थानीय लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ओपन जिम का निर्माण कराया गया था। उद्घाटन के कुछ ही दिनों बाद जिम के कई उपकरण टूट-फूट का शिकार हो गए और संरचना भी कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त नजर आने लगी।

स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य में मानकों की घोर अनदेखी की गई और घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया गया, जिसके चलते लाखों रुपये की लागत से तैयार जिम एक सप्ताह भी नहीं चल सका। जिम के खराब होने से क्षेत्र के युवाओं और आम लोगों को स्वास्थ्य लाभ से वंचित होना पड़ रहा है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और जल्द से जल्द जिम की मरम्मत कराने की मांग की है।

इस संबंध में खंड विकास अधिकारी भदौरा के.के. सिंह ने बताया कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Don't try, this is illigal.